



भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में मंगलवार को राजस्थान सरकार के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने प्रदेशभर से आए सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस जनसुनवाई की खास बात यह रही कि भरतपुर जिले के मैनापुरा–भुसावर के पूर्व सरपंच एवं कांग्रेस कार्यकर्ता श्री सतीश पांडे भी अपनी समस्या लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उनकी बात नहीं सुनी गई, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर उन्हें पूरा भरोसा है। मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने उनके प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि भजनलाल सरकार की कार्यशैली पूरी तरह जनता-केंद्रित और समाधान-आधारित है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि हर नागरिक की समस्या सुनी जाए और उसका त्वरित व न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास भजनलाल सरकार पर लगातार मजबूत हो रहा है, क्योंकि सरकार जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।
पेपर लीक, एसआईआर और अन्य मामलों पर बोलते हुए मंत्री बेढम ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल की गंभीर अनियमितताओं का अब खुलासा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओएमआर शीट में हेरफेर कर शून्य और माइनस अंक पाने वालों को मेरिट में शामिल किया गया, जिससे ईमानदार और मेहनती युवाओं के साथ अन्याय हुआ। वर्तमान सरकार ऐसे मामलों में कठोर और निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी खोई हुई राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहा है, लेकिन राजस्थान में पेपर माफिया और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। सरकार कानून के दायरे में रहकर हर दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी और युवाओं व आम जनता के हितों की पूरी तरह रक्षा करेगी।