



जयपुर। राजस्थान पोलो क्लब (आरपीसी) में बहुप्रतीक्षित जयपुर पोलो सीजन 2026 की औपचारिक शुरुआत हो गई है। यह प्रतिष्ठित पोलो सीजन 29 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश के नामी पोलो खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। सीजन का मुख्य आकर्षण एक बार फिर 14 गोल ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह जयपुर कप के लिए आयोजित होने वाला जयपुर ओपन टूर्नामेंट रहेगा, जो 16 फरवरी से 21 फरवरी तक खेला जाएगा।
इस सीजन का एक और प्रमुख आकर्षण 14 गोल रैफल्स सिरमौर कप होगा, जिसका आयोजन 9 फरवरी से 15 फरवरी के बीच किया जाएगा। मंगलवार को राजस्थान पोलो ग्राउंड में आयोजित प्रेस वार्ता में सवाई पद्मनाभ सिंह, फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल पोलो (FIP) के भारत एम्बेसडर नरेंद्र सिंह, आरपीसी के ऑनरेरी सेक्रेटरी दिग्विजय सिंह और जॉइंट सेक्रेटरी विक्रमादित्य बरकाना ने पूरे सीजन के टूर्नामेंट और मैचों की विस्तृत जानकारी साझा की।
जयपुर पोलो सीजन के दौरान खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जब मंगलवार को कालवाड़ स्थित जलोई पोलो ग्राउंड में पोलो मैच खेलने के लिए उद्योगपति नवीन जिंदल के बेटे वेंकटेश जिंदल हेलिकॉप्टर से पहुंचे। इस दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे पोलो के प्रति बढ़ते आकर्षण का अंदाजा लगाया जा सकता है।
सवाई पद्मनाभ सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी लेडीज पोलो मैच का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को हॉर्स पोलो के खेल से जोड़ना और उनकी भागीदारी बढ़ाना है। लेडीज पोलो को मिल रहे उत्साह और सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए 22 फरवरी 2026 को प्रिंसेज दीया कुमारी फाउंडेशन (PDKF) लेडीज पोलो कप 2026 का आयोजन किया जाएगा।
इस सीजन का पहला टूर्नामेंट राजमाता गायत्री देवी मेमोरियल कप (06 गोल) है, जिसकी शुरुआत 19 जनवरी से हो चुकी है और यह 25 जनवरी तक चलेगा। जयपुर पोलो सीजन 2026 न केवल खेल प्रेमियों के लिए रोमांच का केंद्र रहेगा, बल्कि यह जयपुर की शाही खेल विरासत और अंतरराष्ट्रीय पोलो मानचित्र पर इसकी मजबूत पहचान को भी और सशक्त करेगा।