



जयपुर। राजस्थान कांग्रेस संगठन से जुड़ी एक बड़ी संगठनात्मक कार्रवाई सामने आई है। राजस्थान यूथ कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। यह आदेश मंगलवार को यूथ कांग्रेस प्रभारी विकास छींकारा, सह-प्रभारी ज्ञानेश शुक्ला और कपिल देसाई के हस्ताक्षरों से जारी किया गया। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय संगठन के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर लिया गया है और प्रभारी की रिपोर्ट के आधार पर कार्यकारिणी को भंग करने का फैसला किया गया।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश यूथ कांग्रेस की 344 पदाधिकारियों वाली जंबो कार्यकारिणी लंबे समय से निष्क्रिय चल रही थी। संगठनात्मक गतिविधियों, धरना-प्रदर्शन, बैठकों और आंदोलनों में अपेक्षित सक्रियता नजर नहीं आ रही थी। पार्टी नेतृत्व को जिस ऊर्जा और जमीनी मजबूती की उम्मीद थी, वह पूरी नहीं हो सकी। इसी निष्क्रियता को कार्यकारिणी भंग किए जाने की सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि करीब दो माह पहले ही 200 से अधिक निष्क्रिय पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से कई पदाधिकारियों ने न तो जवाब दिया और न ही अपनी सक्रियता में कोई सुधार किया। संगठन के भीतर गुटबाजी और धड़ेबंदी के चलते भी यूथ कांग्रेस की गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं, जिसका असर संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनआंदोलनों में साफ दिखाई दे रहा था।
पार्टी नेताओं के अनुसार, राजस्थान यूथ कांग्रेस में आमतौर पर पदाधिकारियों का चयन चुनाव प्रक्रिया के जरिए होता है, लेकिन करीब छह माह पहले तत्कालीन प्रभारी द्वारा चुनाव प्रक्रिया को दरकिनार कर बड़ी संख्या में मनोनयन किए गए थे। इसके बावजूद संगठन अपेक्षित रूप से सक्रिय नहीं हो पाया, जिससे शीर्ष नेतृत्व को कड़ा निर्णय लेना पड़ा।
प्रदेश कार्यकारिणी भंग होने के बाद फिलहाल संगठन का संचालन प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया, कार्यकारी अध्यक्ष यशवीर शूरा और कार्यकारी अध्यक्ष सुधींद्र मूंड के नेतृत्व में किया जाएगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन जल्द किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस बार समर्पित, निष्ठावान और जमीनी स्तर पर सक्रिय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यकारिणी भंग होने के फैसले के बाद से ही यूथ कांग्रेस में नए पदों के लिए दावेदार युवा नेताओं की सक्रियता और लॉबिंग तेज हो गई है। कांग्रेस संगठन के भीतर इस फैसले को राजस्थान यूथ कांग्रेस में बड़े बदलाव और नई ऊर्जा के संचार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।