Monday, 02 March 2026

नितिन नबीन बने भाजपा के निर्विरोध 12 वें राष्ट्रीय अध्यक्ष, पीएम मोदी बोले—“वे मेरे बॉस हैं, मैं कार्यकर्ता हूं”


नितिन नबीन बने भाजपा के निर्विरोध 12 वें राष्ट्रीय अध्यक्ष, पीएम मोदी बोले—“वे मेरे बॉस हैं, मैं कार्यकर्ता हूं”

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को मंगलवार को उसका 12 वां राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया। नितिन नबीन भाजपा के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए, जिसका औपचारिक ऐलान पार्टी मुख्यालय में किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को माला पहनाकर बधाई दी और उन्हें पार्टी की नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं। 45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। इससे पहले अमित शाह 49 वर्ष की उम्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां पद से अधिक संगठन और कार्यकर्ता का सम्मान होता है। उन्होंने कहा, “लोगों को लगता होगा कि मोदी इतनी कम उम्र में मुख्यमंत्री और फिर देश का प्रधानमंत्री बन गया, लेकिन मेरे लिए सबसे बड़ी पहचान यह है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। आज मैं मानता हूं कि नितिन जी मेरे बॉस हैं और मैं उनका कार्यकर्ता हूं।” पीएम ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि संस्कार, परंपरा और परिवार है, जहां मेंबरशिप से ज्यादा रिलेशनशिप मायने रखती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा पूरी तरह प्रक्रिया से चलने वाली पार्टी है। यहां पदभार एक व्यवस्था है, लेकिन कार्यभार जीवनभर की जिम्मेदारी है। “हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं, आदर्श नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है, दिशा नहीं बदलती। भाजपा का स्वरूप और आत्मा राष्ट्रीय है, लेकिन जड़ें स्थानीय स्तर पर गहराई से जुड़ी हुई हैं,” उन्होंने कहा। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि आने वाले 25 साल भारत और भाजपा दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इसी कालखंड में विकसित भारत का निर्माण होना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नबीन इस दौर में भाजपा की विरासत को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।

इससे पहले नितिन नबीन ने दिल्ली में भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवाला मंदिर जाकर माथा टेका। भाजपा मुख्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई थी। किसी अन्य उम्मीदवार का नामांकन न आने के कारण नितिन नबीन निर्विरोध चुने गए। वे 14 दिसंबर 2025 को पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए थे।

पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा कि वे अटल बिहारी वाजपेयी और कुशाभाऊ ठाकरे की परंपरा को आगे बढ़ाने वाले अध्यक्ष हैं। नड्डा ने कहा कि नितिन नबीन बहुत कम उम्र में पांच बार विधायक रह चुके हैं और देशभर में संगठन का गहरा अनुभव रखते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा नेतृत्व में भाजपा और अधिक तेज गति से आगे बढ़ेगी।

Previous
Next

Related Posts