



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष राखी राठौड़ ने की। बैठक में प्रदेशभर की जिलाध्यक्षों एवं प्रदेश पदाधिकारी बहनों ने भाग लिया और संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक में “घर-घर जाकर महिला से महिला संवाद” कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। इस कार्यक्रम के तहत भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पंचायत स्तर तक जाकर महिलाओं से सीधा संवाद करेंगी, उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगी और पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। बैठक में उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन सहित महिला एवं परिवार हित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ प्रचारित करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष राखी राठौड़ ने कहा कि भजनलाल सरकार की नीतियां और योजनाएं महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर बनाई गई हैं। इन योजनाओं से महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है और वे आर्थिक व सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा का संकल्प है कि सरकार की हर योजना का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ी महिला तक पहुंचे। इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर संवाद करेंगी और महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने का कार्य करेंगी।
राखी राठौड़ ने महिला मोर्चा की सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा, सक्रियता और समर्पण के साथ इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि महिला से महिला संवाद के माध्यम से न केवल योजनाओं की सही जानकारी पहुंचेगी, बल्कि महिलाओं का सरकार और संगठन के प्रति विश्वास भी और मजबूत होगा। बैठक में संगठनात्मक विस्तार, पंचायत स्तर पर महिला मोर्चा की भूमिका और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।