Monday, 19 January 2026

भाजपा को मिलने जा रहा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, नितिन नबीन सोमवार को दाखिल करेंगे नामांकन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहुंचे दिल्ली


भाजपा को मिलने जा रहा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, नितिन नबीन सोमवार को दाखिल करेंगे नामांकन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहुंचे दिल्ली

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन आज पार्टी के 12 वें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। उनके निर्विरोध चुने जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। नितिन नबीन आज दोपहर 2 से 4 बजे के बीच दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में अपना नामांकन पत्र भरेंगे। इस अवसर पर पार्टी के लगभग सभी मुख्यमंत्री, राज्य इकाइयों के प्रमुख, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे, जिससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि पार्टी नेतृत्व उनके नाम पर पूरी तरह एकजुट है।

भाजपा ने 16 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया था। पार्टी के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर लक्ष्मण चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा करेंगे। संगठनात्मक सूत्रों के अनुसार, किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में आने की संभावना बेहद कम है, ऐसे में नितिन नबीन का निर्विरोध चयन लगभग तय माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दिल्ली पहुंच गए हैं। वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन के दौरान मौजूद रहेंगे। राजस्थान से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे सहित 20 नेता प्रस्तावक बने हैं।

गौरतलब है कि नितिन नबीन को 14 दिसंबर 2025 को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इससे पहले पार्टी में लंबे समय तक संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाने के कारण वे शीर्ष नेतृत्व की पसंद बने। भाजपा ने वर्ष 2020 में जे.पी. नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। उनका कार्यकाल वर्ष 2024 में समाप्त हो गया था, लेकिन इसके बाद वे एक्सटेंशन पर बने रहे। वर्तमान में जे.पी. नड्डा केंद्र सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से भाजपा संगठन को नए सिरे से मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में पार्टी आगामी चुनावी चुनौतियों और संगठनात्मक विस्तार पर विशेष फोकस करेगी।

    Previous
    Next

    Related Posts