Saturday, 29 August 2026

जे.के. लोन हॉस्पिटल में महिला कर्मचारियों का प्रदर्शन, कॉन्ट्रैक्ट महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ का आरोप


जे.के. लोन हॉस्पिटल में महिला कर्मचारियों का प्रदर्शन, कॉन्ट्रैक्ट महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ का आरोप

जयपुर। जयपुर के जे.के. लोन हॉस्पिटल में मंगलवार सुबह उस समय हंगामा हो गया, जब कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत महिला कर्मचारियों ने एक महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ के आरोप को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अस्पताल के SNNRB वार्ड में तैनात एक मेल नर्सिंग कर्मचारी ने ड्यूटी के दौरान महिला वार्ड हेल्पर के साथ अश्लील हरकतें कीं। इस घटना के बाद महिला कर्मचारियों ने अस्पताल प्रशासन के साथ-साथ एसएमएस थाना पुलिस को भी शिकायत सौंपी है।

महिला कर्मचारियों ने बताया कि देर रात ड्यूटी के दौरान नर्सिंग कर्मचारी विजय मीणा ने महिला कर्मचारी का हाथ पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी कर्मचारी ने उसके साथ बदसलूकी भी की। घटना से आहत महिला कर्मचारी ने सुबह अन्य कर्मचारियों को अपनी आपबीती बताई, जिसके बाद सभी ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और कार्रवाई की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन हरकत में आया। महिला कर्मचारियों की ओर से एक शिकायत एसएमएस थाने में भी दर्ज कराई गई है। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है।

इस मामले में जे.के. लोन हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आर.एम. सेहरा ने बताया कि पीड़ित महिला कर्मचारी ने फिलहाल मौखिक रूप से शिकायत की है। उसकी बात सुनी गई है और उसे लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया है, ताकि नियमानुसार आगे की जांच और कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि पुलिस में भी शिकायत दी गई है और प्रशासन मामले को गंभीरता से ले रहा है।

महिला कर्मचारियों ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि अस्पताल परिसर में कार्यरत महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

    Previous
    Next

    Related Posts