Saturday, 29 August 2026

नूंह में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, बड़ा हादसा टला


नूंह में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, बड़ा हादसा टला

हरियाणा के नूंह जिले में दिल्ली–जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के काफिले में शामिल एस्कॉर्ट गाड़ियों के साथ रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। यह दुर्घटना उस समय हुई जब दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहे काफिले के आगे चल रहे एक हाई-स्पीड ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने से ट्रक के पीछे चल रही एक वैगनआर कार उससे जा टकराई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका इंजन बाहर निकल आया।

इस टक्कर के तुरंत बाद पीछे चल रही पूर्व उपराष्ट्रपति की एस्कॉर्ट गाड़ी (अर्टिगा – DL1CAJ4542) भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई। हादसे में एस्कॉर्ट गाड़ी का बोनट टूटकर अंदर घुस गया, जिससे गाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा नूंह के रिठठ गांव के पास हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ स्वयं काफिले में मौजूद थे या नहीं। इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

    Previous
    Next

    Related Posts