Saturday, 29 August 2026

जयपुर में ऑडी से 16 लोगों को कुचलने वाला ड्राइवर दिनेश रणवा गिरफ्तार, 25 हजार का इनामी था आरोपी


जयपुर में ऑडी से 16 लोगों को कुचलने वाला ड्राइवर दिनेश रणवा गिरफ्तार, 25 हजार का इनामी था आरोपी

जयपुर। जयपुर में ऑडी कार से 16 लोगों को रौंदने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और कार चालक दिनेश रणवा (32) को रविवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने रिंग रोड क्षेत्र में चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान उसे दबोच लिया।

डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि आरोपी दिनेश रणवा निवासी दूधवा खारा (चूरू) ने 9 जनवरी को मानसरोवर के खरबास सर्किल पर ओवरस्पीड ऑडी कार से सड़क किनारे लगे स्टॉलों में घुसकर कई लोगों को कुचल दिया था। इस हादसे में 16 लोग घायल हुए थे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद आरोपी की मदद करने वाले 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश लगातार जारी थी।

पुलिस पूछताछ में दिनेश रणवा ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि घटना के अगले दिन वह गोनेर से पैदल भाग निकला। पुलिस से बचने के लिए वह रिंग रोड के किनारे-किनारे कैमरों से बचते हुए चलता रहा। करीब 7–8 घंटे पैदल चलने के बाद वह जंगल में झाड़ियों के बीच जाकर थक कर रुक गया। हादसे में चोट लगने और लगातार भागने के कारण वह बेहद कमजोर हो गया था। इस दौरान उसने भेड़ चराने वालों से मांगकर खाना खाया और रात उन्हीं के पास सो गया।

इसके बाद वह दोबारा रिंग रोड के पास पहुंचा और दिन में ढाबों के आसपास भटकता रहा। उसने एक ट्रक चालक को खुद को हरियाणा का निवासी बताते हुए कहा कि उसका मोबाइल और पैसे छिन गए हैं। इस बहाने वह ट्रक से लिफ्ट लेकर करनाल (हरियाणा) पहुंचा और वहां से आगे हरिद्वार चला गया। एक रात हरिद्वार में रुकने के बाद वह वापस राजस्थान लौटने के लिए ट्रक से सोनीपत पहुंचा और एक ढाबे पर रुका।

आरोपी ने बताया कि ढाबे पर कुछ लोगों ने उससे रुपए छीनने की कोशिश की, जिसके बाद उसने दूसरों का मोबाइल लेकर परिचितों से संपर्क करने का प्रयास किया। इसी दौरान उसे पता चला कि पुलिस ने उसका बैंक अकाउंट सीज कर दिया है। पैसे पूरी तरह खत्म हो जाने पर वह वापस जयपुर के पास रिंग रोड क्षेत्र में आ गया और पैदल घूमते हुए सोलर प्लांट साइट्स पर जाकर परिचितों से मदद मांगने लगा।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हाईवे के होटल-ढाबों पर फरारी काट रहा था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने करीब 100 किलोमीटर क्षेत्र में लगे 500 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। रिंग रोड, होटल, ढाबों, ट्रक स्टॉप और स्लिप रोड के कैमरों की बारीकी से जांच के बाद आखिरकार रविवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान दिनेश रणवा पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Previous
Next

Related Posts