Saturday, 29 August 2026

जयपुर-दिल्ली NH-48 पर केमिकल टैंकर–ट्रेलर की भीषण भिड़ंत, आग का गोला बने वाहन, हाईवे घंटों बंद


जयपुर-दिल्ली NH-48 पर केमिकल टैंकर–ट्रेलर की भीषण भिड़ंत, आग का गोला बने वाहन, हाईवे घंटों बंद

जयपुर/पावटा। जयपुर–दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 पर पावटा कस्बे के समीप रविवार रात करीब 8:30 बजे एक बड़ा और भयावह हादसा हो गया। केमिकल से भरा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर अपनी लेन छोड़ते हुए डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में चला गया और सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर के साथ ही टैंकर में भरे ज्वलनशील केमिकल में आग लग गई, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया।

हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। केमिकल के रिसाव और आग के कारण मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन आग का गोला बन गए। यदि समय रहते यातायात नहीं रोका जाता, तो यह हादसा बड़े पैमाने पर जनहानि का कारण बन सकता था।

सूचना मिलते ही प्रागपुरा थाना पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए पावटा, कोटपूतली, शाहपुरा और ग्रासिम सहित चार से अधिक दमकल गाड़ियों को लगाया गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। एहतियातन राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर से यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया और सैकड़ों वाहन फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था, तभी अचानक नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया। सामने से आ रहे ट्रेलर से टकराने के बाद टैंकर पलट गया, जिससे केमिकल का रिसाव हुआ और तुरंत आग भड़क उठी।

कलक्टर और एसपी ने किया मौके का निरीक्षण
हादसे की गंभीरता को देखते हुए कोटपूतली-बहरोड़ जिला कलक्टर प्रियंका गोस्वामी और एसपी देवेंद्र कुमार विश्नोई स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts