



जयपुर। टीमवर्क आर्ट्स द्वारा प्रोड्यूस्ड अंतरराष्ट्रीय महोत्सव ‘वॉइसेज़ ऑफ़ फ़ेथ’ के दूसरे संस्करण की घोषणा 19वें जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में की गई। यह महोत्सव 13 से 15 मार्च 2026 तक लंदन के बार्बिकन सेंटर में आयोजित होगा। इन तिथियों की घोषणा टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक संजॉय के. रॉय ने की। इस अवसर पर यूएस, यूके और इज़राइल में भारत के पूर्व राजदूत, पुरस्कार विजेता लेखक और कॉलमनिस्ट नवतेज सरना तथा ऑक्सफ़ोर्ड सेंटर फ़ॉर हिंदू स्टडीज़ के संस्थापक निदेशक शौनक ऋषि दास भी उपस्थित रहे।
‘वॉइसेज़ ऑफ़ फ़ेथ’ की परिकल्पना और निर्माण टीमवर्क आर्ट्स द्वारा किया गया है तथा इसे द कामिनी एंड विंदी बंगा फ़ाउंडेशन द्वारा प्रस्तुत किया जाता है। यह महोत्सव विश्व के विभिन्न धर्मों की मूल आस्थाओं, मूल्यों और आदर्शों का अन्वेषण करता है। इस मंच पर प्रमुख विद्वान, लेखक, विचारक और कलाकार एकत्र होकर संवाद, विमर्श और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से आस्था, विश्वास, करुणा और मानवीय जुड़ाव जैसे विषयों पर गहन चर्चा करते हैं।
उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आज की तेजी से विभाजित होती दुनिया में आस्था और विश्वास पर सूक्ष्म, संतुलित और सार्थक संवाद की पहले से कहीं अधिक आवश्यकता है। उन्होंने ‘वॉइसेज़ ऑफ़ फ़ेथ’ को सहानुभूति, करुणा और आपसी समझ को मजबूत करने वाला एक सशक्त वैश्विक मंच बताया। यह महोत्सव विभिन्न धर्मों के बीच संवाद को बढ़ावा देते हुए यह संदेश देता है कि आस्थाएं भले अलग हों, लेकिन उनके मूल मानवीय मूल्य सार्वभौमिक हैं।
उल्लेखनीय है कि ‘वॉइसेज़ ऑफ़ फ़ेथ’ की शुरुआत कोविड-19 महामारी के दौरान एक सफल डिजिटल श्रृंखला के रूप में हुई थी। इसके बाद इसे एक अंतरराष्ट्रीय भौतिक महोत्सव के रूप में विकसित किया गया, जिसने विश्वभर में सराहना प्राप्त की। इसका दूसरा संस्करण सभी आस्थाओं की सार्वभौमिकता और मानवीय एकता को रेखांकित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।