



जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर राजस्थान से पार्टी की प्रस्तावक सूची वर्ष 2026 जारी कर दी गई है। यह सूची भाजपा राजस्थान प्रदेश कार्यालय की ओर से अधिकृत रूप से जारी की गई है। सूची में मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, सांसद और संगठन के वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में राजस्थान की ओर से प्रस्तावक की भूमिका निभाएंगे।
जारी सूची के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का नाम सबसे ऊपर है। उनके साथ प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, केंद्रीय भाजपा संगठन मंत्री डॉ. अलका सिंह गुर्जर, नीति आयोग के पूर्व अध्यक्ष वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ.अरुण चतुर्वेदी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, सांसद सीपी जोशी, राज्यसभा सदस्य घनश्याम तिवाड़ी, सांसद मंजू शर्मा, पशुधन बोर्ड अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी, अनुसूचित जन कल्याण आयोग अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई, किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी, पूर्व मंत्री प्रभु लाल सैनी, पूर्व सांसद नारायण पंचारिया और पूर्व उपाध्यक्ष अजय पाल सिंह के नाम शामिल हैं।
इस प्रस्तावक सूची को भाजपा राजस्थान के प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी श्रवण सिंहद्वारा प्रमाणित किया गया है। राजनीतिक दृष्टि से यह सूची इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इसमें संगठन, सरकार, संसद और विभिन्न आयोगों से जुड़े वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधित्व है, जो पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के चयन में राजस्थान की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया के तहत विभिन्न राज्यों से प्रस्तावक और समर्थक सूचियां जुटाई जा रही हैं। राजस्थान से जारी यह सूची पार्टी के संगठनात्मक संतुलन, अनुभव और राजनीतिक विविधता को प्रतिबिंबित करती है। आने वाले दिनों में राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा की दिशा में यह एक अहम कदम माना जा रहा है।
