Saturday, 29 August 2026

जयपुर में 11 वीं की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, स्विमिंग कोच के खिलाफ POCSO में केस दर्ज


जयपुर में 11 वीं की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, स्विमिंग कोच के खिलाफ POCSO में केस दर्ज

जयपुर के बजाज नगर थाना क्षेत्र में 11 वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि स्विमिंग ट्रेनिंग के दौरान आरोपी कोच ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कीं। पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच SHO बजाज नगर पूनम चौधरी कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 16 वर्षीय छात्रा एक प्राइवेट स्कूल में 11 वीं कक्षा की छात्रा है और वह पिछले दो वर्षों से स्विमिंग की ट्रेनिंग ले रही थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी कोच लगातार छात्रा से छेड़छाड़ करता रहा और ट्रेनिंग के बहाने अश्लील हरकतें करता था। लंबे समय तक मानसिक तनाव झेलने के बाद छात्रा ने अपनी आपबीती मां को बताई, जिसके बाद परिजनों ने बजाज नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने छात्रा के बयान दर्ज किए और मामले में POCSO एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई। एफआईआर दर्ज होते ही आरोपी कोच ने मोबाइल स्विच ऑफ कर घर से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच संवेदनशीलता के साथ की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। वहीं, पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जा रही है और उसे आवश्यक काउंसलिंग व कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

Previous
Next

Related Posts