Saturday, 29 August 2026

सर्व ब्राह्मण महासभा की नई कार्यकारिणी घोषित, दिनेश शर्मा बने प्रदेश अध्यक्ष, 6 प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और 31 जिलाध्यक्ष नियुक्त


सर्व ब्राह्मण महासभा की नई कार्यकारिणी घोषित, दिनेश शर्मा बने प्रदेश अध्यक्ष, 6 प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और 31 जिलाध्यक्ष नियुक्त

सर्व ब्राह्मण महासभा द्वारा संगठनात्मक पुनर्गठन के बाद शनिवार को नई कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा की गई। इस अवसर पर दिनेश शर्मा को महासभा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। संगठन को प्रदेशभर में अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 6 प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष—बाबूलाल शर्मा, बृजराज उपाध्याय, भगवान मेनारिया, गोपाल शर्मा, राकेश शर्मा एवं सत्यप्रकाश बोहरा—की भी घोषणा की गई। वहीं जयपुर शहर अध्यक्ष के रूप में अजय शर्मा की नियुक्ति की गई है।

महासभा की जमीनी मजबूती को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के 31 जिलों के जिलाध्यक्षों की भी घोषणा की गई। इनमें अंकुर त्यागी (अजमेर), नवीन शर्मा (भीलवाड़ा), शैलेन्द्र शर्मा (टोंक), मनोज कुमार व्यास (बीकानेर), बनवारी लाल शर्मा (चूरू), दुर्गाप्रसाद शर्मा (हनुमानगढ़), धर्मचंद शर्मा (श्रीगंगानगर), ताराचंद शर्मा (भरतपुर), लवकुश शर्मा (धौलपुर), मुकेश पचैरी (करौली), किशन जी (सवाई माधोपुर), राजकुमार पंडा (अलवर), ऋषभ शर्मा (दौसा), तरुण शर्मा (कोटपुतली-बहरोड़), मुकेश शर्मा (खैरथल-तिजारा), कमलकांत शर्मा (झुंझुनूं), आनन्द राजपुरोहित (जोधपुर), अनिल शर्मा (जालोर), पुरुषोत्तम पंचोली (जयपुर देहात), राकेश रावल (सिरोही), कौशल किशोर (कोटा), प्रवीण शर्मा (बारां), मिथलेश दाधिच (बूंदी), विनोद शर्मा (झालावाड़), मथुरेश नागदा (उदयपुर), गजानन्द जोशी (बांसवाड़ा), पंकज व्यास (प्रतापगढ़), शिवचरण शर्मा (गंगापुर सिटी), गिरीश शर्मा (डीग) एवं तनसुख दास लोढ़ा (बाड़मेर) शामिल हैं।

इस अवसर पर महासभा के अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा ने कहा कि नई कार्यकारिणी का गठन केवल पदों की घोषणा नहीं, बल्कि संगठन को अनुशासित, पारदर्शी और समाजहितैषी ढांचे में आगे ले जाने का संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम अपनी निष्ठा, अनुभव और सेवा-भावना से महासभा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

अध्यक्ष ने नई कार्यकारिणी की प्रमुख कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि संगठनात्मक विस्तार के तहत जिले से बूथ स्तर तक ढांचे को मजबूत किया जाएगा। तहसील, नगर और ग्राम स्तर पर कार्यकारिणी, युवा एवं महिला प्रकोष्ठ गठित किए जाएंगे तथा डिजिटल समन्वय के लिए प्रत्येक जिले में आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सक्रिय होंगे।

धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक समन्वय के अंतर्गत भगवान परशुराम जी से जुड़े आयोजनों को संगठित रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही परशुराम जयंती को भव्य रूप से मनाने और जयपुर में भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापना के लिए राज्यव्यापी जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा।

कार्ययोजना में प्रतिभा सम्मान, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास को भी प्राथमिकता दी गई है। शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, खेल, संस्कृति और उद्योग जैसे क्षेत्रों में समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही छात्रवृत्ति, कौशल विकास, रोजगार परामर्श, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान और आपदा सहायता जैसे सामाजिक कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त सामाजिक सहभागिता के अंतर्गत समाज के सुख-दुःख में भागीदारी, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, सामूहिक विवाह और विधवा विवाह को प्रोत्साहन देने जैसे विषयों पर संगठन की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी। महासभा ने स्पष्ट किया कि नई कार्यकारिणी की विस्तृत कार्ययोजना और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी समय-समय पर औपचारिक रूप से साझा की जाती रहेगी।

Previous
Next

Related Posts