



जवाहर कला केन्द्र की अलंकार आर्ट गैलेरी में प्रसिद्ध वाटर कलर आर्टिस्ट डॉ. सुषमा महाजन की कला प्रदर्शनी ‘मेलोडी ऑफ कलर्स’ का शनिवार से भव्य शुभारंभ हुआ। इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी ने किया। उद्घाटन के दौरान दीया कुमारी ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित डॉ. सुषमा महाजन की लगभग 60 जलरंग कृतियों का गहन अवलोकन किया और उनकी कलात्मक बारीकियों की सराहना की।
दीया कुमारी ने कहा कि डॉ. सुषमा महाजन द्वारा रचित ये कला कृतियां निस्संदेह उत्कृष्ट और अद्भुत हैं। जलरंगों में साकार होती संवेदनाएं कल्पना से परे हैं। वाइब्रेन्ट रंगों और सूक्ष्म रेखाओं के माध्यम से उनकी कृतियां मानवीय भावनाओं और संवेदनाओं का सशक्त प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. सुषमा महाजन वास्तव में जलरंग कला की सिद्धहस्त कलाकार हैं और वाटर कलर आर्ट की एक सच्ची मास्टर हैं।
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जलरंग में महारत रखने वाली डॉ. सुषमा की यह कला न केवल प्रदेश और देश, बल्कि संपूर्ण सृजन जगत में नायाब पहचान रखती है। उनकी कृतियां देश और दुनिया में राजस्थान की कला एवं संस्कृति के परचम को फहराने का कार्य कर रही हैं। यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों के लिए एक समृद्ध और प्रेरणादायक अनुभव है।
उल्लेखनीय है कि यह प्रदर्शनी 19 जनवरी तक कला प्रेमियों के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से सायं 7:30 बजे तक दर्शक प्रदर्शनी का आनंद ले सकेंगे। प्रदर्शनी में शामिल लगभग 60 जलरंग कृतियों में से 22 नई कृतियां विशेष रूप से इसी प्रदर्शनी के लिए तैयार की गई हैं। इसके साथ ही पेरिस, जयपुर और नई दिल्ली में पूर्व में प्रदर्शित चुनिंदा कृतियों को भी इसमें सम्मिलित किया गया है, जो प्रदर्शनी को अंतरराष्ट्रीय आयाम प्रदान करती हैं।