Sunday, 19 April 2026

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राष्ट्रमंडल देशों के संसदीय प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम व रात्रिभोज में शामिल


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राष्ट्रमंडल देशों के संसदीय प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम व रात्रिभोज में शामिल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को राष्ट्रमंडल देशों के संसदीय प्रतिनिधियों के जयपुर प्रवास के सम्मान में कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रात्रिभोज में शामिल हुए। इस गरिमामय अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला, राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे़ तथा विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करते हुए लोक कला, संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रमंडल देशों के संसदीय प्रतिनिधि सीएसपीओसी (CSPOC) के 28वें सम्मेलन में भाग लेने के उपरांत भ्रमण कार्यक्रम के तहत दो दिवसीय प्रवास पर जयपुर आए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अतिथियों से संवाद करते हुए राजस्थान की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और लोकतांत्रिक परंपराओं की जानकारी साझा की तथा भारत की संसदीय व्यवस्था की मजबूती पर भी प्रकाश डाला।

सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रात्रिभोज में नेता प्रतिपक्ष, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसदगण सहित अनेक गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्द, सहयोग और अंतरराष्ट्रीय संसदीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ, जिसमें राजस्थान की मेहमाननवाजी और विविध सांस्कृतिक पहचान ने विदेशी प्रतिनिधियों पर विशेष प्रभाव छोड़ा।

Previous
Next

Related Posts