Sunday, 19 April 2026

JEN भर्ती परीक्षा-2020 पेपर लीक मामला: SOG ने वांटेड जूनियर इंजीनियर को किया गिरफ्तार, लीक पेपर पढ़कर पास किया था एग्जाम


JEN भर्ती परीक्षा-2020 पेपर लीक मामला: SOG ने वांटेड जूनियर इंजीनियर को किया गिरफ्तार, लीक पेपर पढ़कर पास किया था एग्जाम

स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने कनिष्ठ अभियंता भर्ती परीक्षा-2020 (JEN 2020) के पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार सुबह एक वांटेड जूनियर इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने परीक्षा से पहले लीक हुआ पेपर पढ़कर एग्जाम पास किया था और इसके बदले लाखों रुपये नकद में डील की थी। फिलहाल SOG की ओर से गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

एडीजी (SOG) विशाल बंसल ने बताया कि JEN भर्ती परीक्षा-2020 का पेपर लीक होने के बाद जयपुर के सांगानेर थाने में FIR दर्ज की गई थी, जिसकी जांच SOG को सौंपी गई। जांच के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे वांटेड आरोपी सुरेश कुमार बिश्नोई (29) निवासी चितलवाना, जालौर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी वर्तमान में बालोतरा के धोरीमन्ना क्षेत्र में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) में सहायक अभियंता के पद पर तैनात था। SOG की जांच की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।

SOG की जांच में सामने आया कि कनिष्ठ अभियंता भर्ती परीक्षा-2020 से पहले आरोपी का लीक पेपर को लेकर गणपत लाल मालवाडा से सौदा हुआ था। पेपर लीक के मास्टरमाइंड जगदीश बिश्नोई गैंग की ओर से लीक पेपर भूपेन्द्र सारण के जरिए गणपत लाल मालवाडा तक पहुंचा, जिसने परीक्षा से पहले आरोपी सुरेश कुमार बिश्नोई को यह पेपर पढ़ाया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने लाखों रुपये नकद देकर एग्जाम से पहले पेपर पढ़ने की बात स्वीकार की है।

SOG अधिकारियों के अनुसार, यह मामला संगठित पेपर लीक गिरोह से जुड़ा हुआ है और अब तक इस केस में कुल 43 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसी का कहना है कि पूछताछ के दौरान और भी अहम खुलासे होने की संभावना है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी कार्रवाई पहुंच सकती है।

Previous
Next

Related Posts