



अजमेर रोड पर स्थित हीरापुरा बस स्टैंड के पहले फेज की शुरुआत के साथ ही जयपुर शहर में बस संचालन का पैटर्न बदलना शुरू हो गया है। अब जयपुर से अजमेर और आसपास के रूट पर जाने वाली बसें सीधे हीरापुरा बस स्टैंड से रवाना हो रही हैं। इस बदलाव के चलते 200 फुट चौराहे पर बसों का ठहराव पूरी तरह बंद कर दिया गया है। प्रशासन का दावा है कि इस व्यवस्था से शहर के भीतर लगने वाले ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और प्रमुख चौराहों पर दबाव घटेगा।
जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की ओर से हीरापुरा बस स्टैंड पर करीब 7 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। यह राजस्थान राज्य बस अड्डा विकास प्राधिकरण का पहला ऐसा बस स्टैंड है, जहां एक ही परिसर से रोडवेज और प्राइवेट बसों का संचालन किया जा रहा है। हालांकि, बस स्टैंड की शुरुआत के साथ ही यात्रियों की परेशानियां भी सामने आई हैं। बस स्टैंड तक आने-जाने के लिए फिलहाल पर्याप्त लोकल ट्रांसपोर्ट व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को अतिरिक्त समय और खर्च झेलना पड़ रहा है।
राजस्थान राज्य बस अड्डा विकास प्राधिकरण के संभाग प्रबंधक राकेश मीणा ने बताया कि पहले फेज में हीरापुरा बस स्टैंड से फिलहाल 200 बसों का संचालन शुरू किया गया है। आने वाले समय में यहां से 500 से अधिक बसें चलाने की योजना है। रोडवेज के साथ प्राइवेट बसों के संचालन से शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम होने का दावा किया जा रहा है। इससे सिंधी कैंप और 200 फुट चौराहे जैसे इलाकों में लगने वाले जाम से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हीरापुरा बस स्टैंड पर कई बुनियादी सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां कुल 17 प्लेटफॉर्म, टिकट के लिए 16 टिकट विंडो और करीब 180 यात्रियों के बैठने की क्षमता वाला वेटिंग एरिया तैयार किया गया है। पहले चरण में रोडवेज की अजमेर रूट की 133 बसें और खाटूश्यामजी रूट की 76 बसें इसी बस स्टैंड से संचालित की जा रही हैं। वहीं, सिंधी कैंप बस स्टैंड के मुख्य प्रबंधक राकेश राय को हीरापुरा बस स्टैंड का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
दूसरे फेज में लोक परिवहन और प्राइवेट स्लीपर बसों का सिंधी कैंप बस स्टैंड पर ठहराव पूरी तरह बंद किया जाएगा। इसके बाद शहर से बाहर जाने वाली अधिकांश बसें हीरापुरा बस स्टैंड से ही संचालित होंगी। प्रशासन का फोकस शहर के बीचोंबीच बसों की आवाजाही कम कर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने पर है।
नई व्यवस्था के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ती नजर आ रही है। हीरापुरा बस स्टैंड तक पहुंचने के लिए अभी ऑटो, सिटी बस और अन्य लोकल साधनों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। सुबह और शाम के समय यात्रियों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें न केवल अधिक समय लग रहा है बल्कि अतिरिक्त किराया भी चुकाना पड़ रहा है। यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड के साथ-साथ लोकल ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को भी मजबूत किया जाए, ताकि नई व्यवस्था का लाभ आम लोगों तक पहुंच सके।