Saturday, 29 August 2026

जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में जयगढ़ हेरिटेज फेस्टिवल 2026 की नई तारीखों की घोषणा


जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में जयगढ़ हेरिटेज फेस्टिवल 2026 की नई तारीखों की घोषणा

जयपुर। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (जेएलएफ) के चारबाग में आयोजित एक विशेष सत्र के दौरान जयगढ़ हेरिटेज फेस्टिवल 2026 की नई तारीखों की औपचारिक घोषणा की गई। अब यह प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन 11 से 13 दिसंबर 2026 तक ऐतिहासिक जयगढ़ किले में आयोजित होगा। इस घोषणा के साथ ही फेस्टिवल को लेकर सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और वैश्विक स्तर पर जयपुर की पहचान को और मजबूत करने की दिशा में नई ऊर्जा देखने को मिली।

इस विशेष सत्र में सवाई पद्मनाभ सिंह, वेदांता लिमिटेड की डायरेक्टर (कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस एवं सीएसआर) रितु झिंगोन, तथा टीमवर्क आर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर संजॉय के. रॉय उपस्थित रहे। सवाई पद्मनाभ सिंह ने जयगढ़ हेरिटेज फेस्टिवल के दीर्घकालिक विज़न पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महाराजा जय सिंह द्वारा निर्मित जयगढ़ किला शक्ति, रणनीति और समृद्ध विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस फेस्टिवल का उद्देश्य जयगढ़ किले को केवल एक ऐतिहासिक स्मारक के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवंत सांस्कृतिक केंद्र के रूप में पुनर्जीवित करना है, जहां इतिहास, वास्तुकला और कला का संगम देखने को मिले।

टीमवर्क आर्ट्स के संजॉय के. रॉय ने कहा कि जयगढ़ हेरिटेज फेस्टिवल विरासत, कला, संवाद और सामुदायिक सहभागिता को एक साझा मंच प्रदान करेगा। यह फेस्टिवल जयपुर को एक ग्लोबल कल्चरल डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देगा।

वेदांता की ओर से रितु झिंगोन ने कहा कि संस्कृति, विरासत और राष्ट्र निर्माण के प्रति वेदांता की प्रतिबद्धता ही जयगढ़ हेरिटेज फेस्टिवल और जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल जैसे आयोजनों के साथ उनकी साझेदारी का आधार है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन न केवल सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ने का भी कार्य करते हैं।

जयगढ़ हेरिटेज फेस्टिवल 2026 को एक भव्य ऐतिहासिक-सांस्कृतिक उत्सव के रूप में देखा जा रहा है, जो जयपुर की राजसी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करते हुए जयगढ़ किले को संवाद, प्रस्तुतियों और अनूठे अनुभवों का केंद्र बनाएगा।

Previous
Next

Related Posts