Thursday, 05 March 2026

अजमेर में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, इलाके में फैली सनसनी


अजमेर में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, इलाके में फैली सनसनी

दरगाह थाना क्षेत्र के अंदर कोर्ट स्थित तालाब के पास शुक्रवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। दरगाह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को फंदे से उतारकर जेएलएन अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद युवक की पत्नी सहित अन्य रिश्तेदार अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक करीब 15 दिन से घर से लापता था। फिलहाल मामले को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है और आदर्श नगर थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

दरगाह थाना के हेड कॉन्स्टेबल कालूराम ने बताया कि मृतक की पहचान उत्तराखंड निवासी सुल्तान खान पुत्र शाहिद खान के रूप में हुई है, जो वर्तमान में अजमेर के नागफनी क्षेत्र में रह रहा था। परिजनों के उत्तराखंड से अजमेर पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी।

मृतक की पत्नी ने बताया कि उनकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी और लगभग छह महीने पहले वे दोनों अजमेर आए थे। सुल्तान खान यहां एक होटल में काम करता था। युवक के अचानक इस तरह शव मिलने से परिवार सदमे में है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts