Saturday, 29 August 2026

राष्ट्रमंडल देशों के संसदीय प्रतिनिधियों का दल शनिवार को पहुंचेगा जयपुर, विधानसभा अध्यक्ष करेंगे भव्य स्वागत


राष्ट्रमंडल देशों के संसदीय प्रतिनिधियों का दल शनिवार को पहुंचेगा जयपुर, विधानसभा अध्यक्ष करेंगे भव्य स्वागत

जयपुर। राष्ट्रमंडल देशों की संसदों के अध्यक्षों एवं पीठासीन अधिकारियों के 28 वें सम्मेलन (सीएसपीओसी) के बाद आयोजित भ्रमण कार्यक्रम के तहत अंतरराष्ट्रीय संसदीय प्रतिनिधियों का दल शनिवार को जयपुर पहुंचेगा। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा सभी अतिथियों का जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पारंपरिक एवं गरिमामय तरीके से स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर राजस्थानी संस्कृति और अतिथि-सत्कार की झलक भी देखने को मिलेगी।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि यह राजस्थान के लिए गर्व का विषय है कि विश्व के विभिन्न देशों से आए संसदीय प्रतिनिधि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और लोकतांत्रिक परंपराओं से रूबरू होंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान “अतिथि देवो भवः” की भावना के अनुरूप अपने मेहमानों का हृदय से स्वागत करेगा और उन्हें राज्य की परंपरागत लोक कला, इतिहास तथा विकास यात्रा से परिचित कराया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय दौरे के दौरान संसदीय मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और सुशासन जैसे विषयों पर सकारात्मक संवाद भी होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से राजस्थान की वैश्विक पहचान और अधिक मजबूत होती है तथा पर्यटन, संस्कृति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नए अवसर भी सृजित होते हैं। राज्य सरकार एवं प्रशासन द्वारा अतिथियों के स्वागत और प्रवास को लेकर व्यापक एवं सुव्यवस्थित तैयारियां की गई हैं, ताकि उन्हें जयपुर में एक यादगार और सुखद अनुभव मिल सके।

कांस्टीट्यूशन क्लब में सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि भोज
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि शनिवार शाम कांस्टीट्यूशन क्लब में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सम्मान में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि भोज का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक संध्या में भारतीय शास्त्रीय नृत्य और राजस्थानी लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। रात्रि भोज में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष, मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य न्यायाधीश, मुख्य सचिव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

Previous
Next

Related Posts