Saturday, 29 August 2026

राष्ट्रपति का एक दिवसीय जयपुर दौरा, 1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ में दी पूर्णाहुति


राष्ट्रपति का एक दिवसीय जयपुर दौरा, 1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ में दी पूर्णाहुति

जयपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को एक दिवसीय यात्रा पर जयपुर पहुंचीं। अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति सीकर रोड स्थित नींदड़ में आयोजित 1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ एवं श्रीराम कथा में शामिल हुईं। उन्होंने जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ हवन में पूर्णाहुति देकर देश, प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और विश्वकल्याण की कामना की। इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उनके साथ उपस्थित रहे।

महायज्ञ स्थल पर राष्ट्रपति ने विधिवत पूजा-अर्चना की और यज्ञशाला की परिक्रमा भी की। इस दौरान राष्ट्रपति, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज से भेंट कर उनका अभिनंदन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक वातावरण, वेद मंत्रों के उच्चारण और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

इससे पूर्व राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद श्री मदन राठौड़, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रपति का यह दौरा आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    Previous
    Next

    Related Posts