



जयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने मनरेगा को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मनरेगा को बंद करने का झूठा भ्रम फैला रही है, जबकि सच्चाई यह है कि सरकार ने इसकी कमियों को दूर कर इसे और प्रभावी बनाते हुए वीबी जी राम-जी के रूप में सुधार किया है। इस नए स्वरूप से ग्रामीण मजदूरों को पहले से अधिक लाभ मिलेगा, लेकिन कांग्रेस जानबूझकर गलत प्रचार कर रही है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को मीडिया से बातचीत करते हुए अरुण सिंह ने कहा कि अब मनरेगा के तहत 100 दिनों के बजाय 125 दिन का रोजगार मिलेगा। यदि 15 दिन के भीतर काम नहीं मिलता है तो मजदूरों को बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा और जिम्मेदारी तय होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समय मनरेगा में भ्रष्टाचार चरम पर था। गड्ढे भरने जैसे कामों में ऐसा घोटाला हुआ कि यदि उसकी नाप-जोख की जाए तो एक विधानसभा क्षेत्र से ज्यादा क्षेत्रफल के बराबर काम कागजों में दिखा दिया गया।
अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस दरअसल भ्रष्टाचार जारी रखना चाहती है। पहले मनरेगा में न तो प्रभावी सोशल ऑडिट होता था और न ही उस पर कोई कार्रवाई। अब वीबी जी राम-जी के तहत सोशल ऑडिट और जवाबदेही सुनिश्चित की गई है, जिससे भ्रष्टाचारियों की दाल नहीं गलेगी। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी सहित कांग्रेस के बड़े नेता भ्रम फैलाकर भ्रष्ट लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय के भाजपा छोड़ने और कुछ नेताओं के कांग्रेस में लौटने के सवाल पर अरुण सिंह ने कहा कि एक-दो नेताओं के जाने से पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ता। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहां आने वालों की संख्या ज्यादा है और जाने वाले बहुत कम। कुछ लोगों की व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं होती हैं, इसलिए वे रास्ता बदल लेते हैं।
उन्होंने कहा कि नए कानून के तहत ग्राम सभा अपने गांव के विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करेगी। इससे स्कूल, वेयरहाउस, कौशल केंद्र, नर्सिंग होम, तालाब जैसे उपयोगी कार्य हो सकेंगे और गांवों का समग्र विकास होगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है।
अरुण सिंह ने कांग्रेस पर भगवान राम के नाम से आपत्ति जताने का आरोप लगाते हुए कहा कि समझ से परे है कि कांग्रेस को राम नाम से इतनी परेशानी क्यों है। चाहे रामसेतु हो, राम मंदिर हो या अब मनरेगा सुधार का नाम—हर जगह कांग्रेस विरोध करती है। उन्होंने कहा कि राम नाम से जुड़े विकास कार्यों का विरोध करना सरासर पाप के समान है।