



जयपुर। भाजपा मुख्यालय में आयोजित वीबी-जी रामजी जनजागरण अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं, जो बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस है, जो हर जनकल्याणकारी योजना में कमी निकालकर भ्रम फैलाने की राजनीति करती है। चाहे मुद्दा सीएए, ईवीएम या फिर एसआईआर का हो, कांग्रेस हर विषय पर जनता को गुमराह करने का प्रयास करती है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि अब कांग्रेस को ‘जी रामजी’ नाम से भी आपत्ति होने लगी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान से ‘आरए’ और मध्यप्रदेश से ‘एम’ लेकर जब ईआरसीपी परियोजना बनी तो उसका नाम स्वाभाविक रूप से ‘राम जल सेतु’ हो गया। अगर कांग्रेस को रामजी से ही दिक्कत है तो इसमें किसी का क्या दोष। उन्होंने कहा कि यह प्रकृति का नियम है कि जो होना है, वह होकर रहेगा और देश तथा प्रदेश धीरे-धीरे रामराज्य की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद से कांग्रेस ने देश को कमजोर करने का काम किया और हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की। अब मोदी जी का जमाना है, जहां न तो भ्रष्टाचार करने दिया जाएगा और न ही होने दिया जाएगा। कांग्रेस को पीड़ा इस बात की है कि अब वह भ्रष्टाचार नहीं कर पा रही। यदि कहीं भ्रष्टाचार हुआ भी है तो मोदी सरकार उसे बाहर निकालकर सामने लाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ फैलाने में नंबर वन है और भ्रम के सहारे राजनीति करना चाहती है। इसलिए आज झूठ का पर्दाफाश करना सबसे जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वीबी-जी रामजी जनजागरण अभियान को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक ले जाएं और लोगों को बताएं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केवल 100 नहीं, बल्कि 125 दिन का रोजगार दिया है और 15 दिन में मजदूरी की गारंटी भी सुनिश्चित की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी डबल इंजन सरकार युवाओं के रोजगार को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अब तक 1 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, 1.43 लाख भर्तियां प्रक्रिया में हैं और 1 लाख पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि हमने पहले ही कह दिया था कि पेन और डायरी लेकर बैठ जाएं, हर बात का हिसाब देंगे।
पेपर लीक मामलों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि अब तक 400 लोग जेल में हैं। अब यह तय करना कांग्रेस का काम है कि ये 400 लोग छोटी मछलियां हैं या बड़े मगरमच्छ। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरेगी।