Saturday, 29 August 2026

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को जयपुर दौरे पर: 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ में होंगी शामिल, दोपहर बाद शहर में ट्रैफिक डायवर्ट


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को जयपुर दौरे पर: 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ में होंगी शामिल, दोपहर बाद शहर में ट्रैफिक डायवर्ट

जयपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को एक दिवसीयराजस्थान दौरे पर जयपुर आ रही हैं। अपने दौरे के दौरान वे सीकर रोड स्थित नींदड़ हाउसिंग स्कीम, हरमाड़ा में आयोजित 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए जयपुर शहर में दोपहर बाद कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति दोपहर 1:40 बजे जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगी। यहां से वे सड़क मार्ग से दोपहर 2:10 बजे सिविल लाइंस स्थित लोक भवन जाएंगी, जहां उनका निर्धारित कार्यक्रम रहेगा।

श्रीराम कथा के समापन समारोह में होंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर 3:50 बजे लोक भवन से प्रस्थान कर शाम 4:20 बजे सीकर रोड स्थित नींदड़ हाउसिंग स्कीम, हरमाड़ा पहुंचेंगी। यहां वे रामानंद मिशन द्वारा आयोजित 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ में भाग लेंगी। इसी अवसर पर तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य के सानिध्य में 8 जनवरी से चल रही श्रीराम कथा और महायज्ञ का समापन समारोह भी आयोजित होगा।

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

हरमाड़ा में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। राष्ट्रपति के आवागमन के दौरान सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए सामान्य यातायात को रोका जा सकता है।

इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्ट

राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसके अनुसार—

  • न्यू सांगानेर रोड, एक्सप्रेस हाईवे और सीकर रोड पर दोपहर बाद ट्रैफिक रोका जा सकता है।

  • इन मार्गों पर वाहन पार्क न करें।

  • अजमेर रोड से एक्सप्रेस हाईवे की ओर जाने वाले भारी वाहन रिंग रोड का उपयोग करें।

  • सीकर रोड से आने वाले भारी वाहन टोडी मोड़ से पहले न्यू टीपी नगर होकर दौलतपुरा एक्सप्रेस हाईवे की ओर जाएं।

  • दिल्ली रोड से अजमेर एक्सप्रेस हाईवे की ओर आने वाले भारी वाहन चंदवाजी होकर दिल्ली रोड ट्रांसपोर्ट नगर मार्ग अपनाएं।

  • एंबुलेंस, अग्निशमन और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।

शाम को दिल्ली रवाना होंगी राष्ट्रपति

कार्यक्रम के समापन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शाम 5:50 बजे जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पालम एयरपोर्ट, दिल्ली के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और ट्रैफिक विभाग पूरी तरह अलर्ट है। आमजन से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

Previous
Next

Related Posts