



जयपुर। शहरवासियों और यात्रियों के लिए राहत की खबर है। हीरापुरा बस स्टैंड से शुक्रवार से अजमेर और खाटूश्यामजी जाने वाली बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। बस संचालन की तैयारियों को लेकर परिवहन सचिव शुचि त्यागी और रोडवेज प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा ने बस स्टैंड का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पहले चरण में हीरापुरा बस स्टैंड से अजमेर रूट की 133 रोडवेज बसें और खाटूश्यामजी रूट की 76 निजी बसें संचालित की जाएंगी। यात्रियों को बसें शुक्रवार सुबह 7 बजे से उपलब्ध होंगी। हर बस से अड्डा शुल्क के रूप में 50 रुपये लिए जाएंगे, जबकि पार्किंग शुल्क 200 रुपये प्रति घंटा निर्धारित किया गया है।
जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से बस स्टैंड पर बुनियादी सुविधाएं विकसित की गई हैं। यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए 30 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। वहीं, बस संचालन को सुचारू रखने के लिए रोडवेज के करीब डेढ़ दर्जन अधिकारी और कर्मचारी यहां नियुक्त किए गए हैं।
गौरतलब है कि परिवहन विभाग ने इससे पहले 2 अक्टूबर 2023, 15 अगस्त 2024 और फिर 1 अगस्त 2025 से यहां से बसें शुरू करने की घोषणा की थी, लेकिन विभिन्न कारणों से संचालन शुरू नहीं हो सका। अंततः परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने महज डेढ़ माह में तैयारियां पूरी कर 16 जनवरी से बस संचालन शुरू करने का निर्णय लिया।
हीरापुरा बस स्टैंड को कभी सिंधी कैंप बस स्टैंड से बड़ा और वर्ल्ड क्लास बस टर्मिनल बनाने की योजना थी। यहां यात्रियों के लिए होटल, शॉपिंग मॉल, सिनेमा हॉल, टैक्सी स्टैंड और बुक स्टॉल जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव था। इसके शुरू होने के बाद सिंधी कैंप से इंटरसिटी बसों का संचालन बंद करने की भी योजना थी।
हकीकत यह है कि कांग्रेस और बीजेपी की सरकारें बीते 10 वर्षों में राजधानी को वर्ल्ड क्लास बस स्टैंड तो दूर, सिंधी कैंप जैसी सुविधाएं भी नहीं दे पाईं। जेडीए ने 11 साल पहले हीरापुरा में 54,270 वर्गमीटर भूमि आवंटित की थी, लेकिन आज तक यात्रियों के बैठने के लिए एसी हॉल जैसी बुनियादी सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद, बस संचालन शुरू होने से यात्रियों को कुछ हद तक राहत जरूर मिलेगी।