



जयपुर। भारतीय सेना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित रात्रिभोज में देश और प्रदेश की कई विशिष्ट हस्तियों का गरिमामयी आगमन हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े, मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह सहित सभी सम्मानित अतिथियों एवं गणमान्य जनों का स्वागत-अभिनंदन करने का उन्हें सौभाग्य प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना दिवस जैसे गौरवपूर्ण अवसर पर सभी अतिथियों के साथ आत्मीय वातावरण में संवाद हुआ। इस दौरान पधारे मेहमानों ने पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों का आनंद लिया और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति में अतिथि देवो भवः की परंपरा सदैव रही है और ‘पधारो म्हारे देश’ की भावना के साथ अपने अतिथियों का आतिथ्य सत्कार करना हमेशा सुखद और गर्व का विषय होता है।
उन्होंने कहा कि सेना दिवस केवल सैन्य बल के सम्मान का दिन नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, संस्कृति और परंपराओं को साझा करने का भी अवसर है। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित यह रात्रिभोज उसी भावना का प्रतीक रहा, जहां परंपरा, सम्मान और अपनत्व का सुंदर संगम देखने को मिला।