Saturday, 29 August 2026

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 16 जनवरी को जयपुर दौरे पर, 1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ में होंगी शामिल


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 16 जनवरी को जयपुर दौरे पर, 1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ में होंगी शामिल
जयपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 16 जनवरी को एक दिवसीय राजस्थान दौरे पर जयपुर आएंगी। तय कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति का दौरा दोपहर 1:40 बजे जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू होगा। एयरपोर्ट से वे सड़क मार्ग से प्रस्थान कर दोपहर 2:10 बजे सिविल लाइंस स्थित लोक भवन पहुंचेंगी, जहां उनका निर्धारित कार्यक्रम रहेगा।

इसके पश्चात राष्ट्रपति दोपहर 3:50 बजे लोक भवन से रवाना होकर शाम 4:20 बजे सीकर रोड स्थित नींदड़ हाउसिंग स्कीम, हरमाड़ा पहुंचेंगी। यहां वे रामानंद मिशन की ओर से आयोजित 1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ में भाग लेंगी। इसी आयोजन के अंतर्गत तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य के सानिध्य में आयोजित श्री राम कथा भी चल रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन भाग ले रहे हैं।

राष्ट्रपति की उपस्थिति को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और आयोजन समिति द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के मद्देनज़र राष्ट्रपति की शहर में आवाजाही के दौरान विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीमें तैनात रहेंगी तथा आमजन से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

निर्धारित कार्यक्रम के समापन के बाद राष्ट्रपति शाम 5:50 बजे जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पालम एयरपोर्ट, दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

रोजाना 30 हजार श्रद्धालुओं की भागीदारी

1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ और श्री राम कथा का आयोजन 8 से 16 जनवरी तक किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन 1008 परिवार हवन कुंडों में आहुतियां दे रहे हैं, जबकि 500 से अधिक विद्वान पंडित आयोजन में सहभागी हैं। प्रतिदिन 25 से 30 हजार श्रद्धालु कथा और महायज्ञ में भाग ले रहे हैं, जिससे आयोजन स्थल पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।

    Previous
    Next

    Related Posts