



जयपुर शहर में 15 जनवरी को सेना दिवस परेड–2026 और शौर्य संध्या कार्यक्रम और 16 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जयपुर दौरे को लेकर व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन किया गया है। इन कार्यक्रमों में राजनाथ सिंह, सेना प्रमुख सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी और कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। वीवीआईपी मूवमेंट और बड़े आयोजनों के मद्देनज़र शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि 15 और 16 जनवरी को विभिन्न कार्यक्रमों के कारण ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है। नागरिकों से अपील की गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और आवश्यकता पड़ने पर यातायात पुलिस द्वारा बताए गए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
15 जनवरी को महल रोड (एनआरआई चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा) पर आर्मी-डे परेड–2026 का आयोजन होगा।
सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक महल रोड पर सामान्य यातायात पूर्णतः बंद रहेगा।
स्थानीय निवासियों को समानांतर मार्गों से आवागमन की सुविधा मिलेगी।
खाटूश्याम सर्किल से एनआरआई/अक्षयपात्र की ओर यातायात हल्दीघाटी मार्ग–VIT रोड से डायवर्ट रहेगा।
विधाणी चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल/अक्षयपात्र जाने वाले वाहन केंद्रीय विहार मार्ग से गुजरेंगे।
दबाव बढ़ने पर यातायात महात्मा गांधी रोड की ओर मोड़ा जाएगा।
राणा सांगा मार्ग व गोनेर रोड से आने वाले वाहन द्वारकापुरा, गौतम बुद्ध सर्किल और डी-मार्ट सर्किल के रास्ते समानांतर मार्गों से चलेंगे।
महल रोड से जुड़ी कॉलोनियों के गेट/छोटे रास्तों से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
दर्शकों के लिए पार्किंग हल्दीघाटी मार्ग और राणा सांगा मार्ग पर निर्धारित रहेगी।
15 जनवरी शाम 4 बजे से सवाई मानसिंह स्टेडियम में शौर्य संध्या कार्यक्रम होगा।
यूनिवर्सिटी गेट से टोंक रोड की ओर यातायात जनता स्टोर से समानांतर मार्गों पर डायवर्ट रहेगा।
अत्यधिक दबाव पर टोंक रोड का यातायात गांधीनगर मोड़–गांधी सर्किल और आरबीआई कट–गणेश मंदिर की ओर मोड़ा जाएगा।
जेडीए चौराहा से रामबाग की ओर (कार्यक्रम वाहनों को छोड़कर) वाहन गांधी सर्किल/त्रिमूर्ति सर्किल जाएंगे।
22 गोदाम व स्टैच्यू सर्किल से पोलो सर्किल की ओर यातायात सहकार मार्ग व पृथ्वीराज रोड से निकलेगा।
रोडवेज बसें नारायण सिंह तिराहा, पृथ्वीराज टी-पॉइंट, स्टैच्यू सर्किल, पार्क प्राइम और चोमू हाउस चौराहा से संचालित होंगी।
टोंक रोड, भवानी सिंह रोड, जनपथ और पंकज सिंघवी मार्ग पर कई हिस्सों में पार्किंग निषेध रहेगा।
जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के चलते भी बदली व्यवस्था
15 से 19 जनवरी तक जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के आयोजन (होटल क्लार्क्स आमेर) के कारण भी यातायात प्रबंधन किया गया है।
चार अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित।
ओला-उबर के लिए पिक-एंड-ड्रॉप प्वाइंट तय।
पंचशील एन्क्लेव कट से होटल के बीच सर्विस लेन में आवासीय वाहनों को छोड़ अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित।
जवाहर लाल नेहरू मार्ग व सर्विस लेन पर कई स्थानों पर पार्किंग निषेध।
आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध आवागमन की अनुमति।
जयपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि 15 और 16 जनवरी को प्रभावित मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर अनावश्यक न जाएं। यात्रा जरूरी होने पर केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन के साथ सहयोग कर व्यवस्था बनाए रखने में मदद करें।