Saturday, 29 August 2026

डूंगरपुर के युवाओं से संवाद: वागड़ क्षेत्र के समग्र उत्थान के लिए सरकार समर्पित:भजनलाल शर्मा


डूंगरपुर के युवाओं से संवाद: वागड़ क्षेत्र के समग्र उत्थान के लिए सरकार समर्पित:भजनलाल शर्मा

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा देश का भविष्य और राजस्थान का गौरव हैं। युवाओं की मेहनत, ऊर्जा और दृढ़ इच्छाशक्ति से ही विकसित भारत–2047 के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वागड़ क्षेत्र आदिवासी बहुल है और राज्य सरकार आदिवासी समाज के सशक्तीकरण व क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर निर्णय ले रही है। सरकार की योजनाओं से हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है और वागड़ में भी विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर डूंगरपुर जिले से आए युवाओं के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने बताया कि निवेश-अनुकूल नीतियों के कारण राजस्थान में आईटी, उद्योग, स्टार्टअप सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर मिल रहे हैं। आदिवासी बहुल क्षेत्रों के युवाओं के लिए विशेष ध्यान देते हुए सरकार कौशल प्रशिक्षण, तकनीक अपनाने और नवाचार को बढ़ावा दे रही है, ताकि युवा रोजगार खोजने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बन सकें।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशामुक्ति का संदेश देते हुए कहा कि नशा परिवार तोड़ता है, करियर बर्बाद करता है और जीवन नष्ट करता है। यदि कोई मित्र नशे की ओर बढ़े तो उसे रोकें। उन्होंने प्रशासन और पुलिस के सहयोग से नशामुक्ति अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही सोशल मीडिया के सीमित और जिम्मेदार उपयोग की सलाह देते हुए भ्रामक खबरों से सतर्क रहने को कहा।

पारदर्शी तरीके से 351 परीक्षाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं। पिछले दो वर्षों में 1 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं और 1 लाख 43 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। निजी क्षेत्र में 5 वर्षों में 6 लाख रोजगार देने का लक्ष्य है, जिसमें अब तक 2 लाख से अधिक अवसर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के दो साल के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ और 351 परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुई हैं, जिससे राजस्थान पेपरलीक-मुक्त बना है।

युवा नीति से मिलेंगे आगे बढ़ने के अवसर

मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 18 से 45 वर्ष के युवाओं को ब्याज-मुक्त ऋण दिया जा रहा है। साथ ही नई युवा नीति लागू की गई है, जिससे शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान के तहत हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये धरातल पर उतर चुके हैं, जिसका लाभ वागड़ क्षेत्र के युवाओं को भी मिलेगा। क्षेत्र में रोजगार मेलों के आयोजन से स्थानीय युवाओं को अवसर प्रदान किए जाएंगे।

बेणेश्वर धाम के सौंदर्यीकरण पर प्रस्तुतीकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान का हरिद्वार कहलाने वाला बेणेश्वर धाम आस्था का ऐतिहासिक केंद्र है। सरकार इसके संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान बेणेश्वर धाम के सौंदर्यीकरण को लेकर प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। इस अवसर पर शंकरलाल डेचा सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts