



जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र में खरबास चौराहे पर ओवरस्पीड ऑडी कार द्वारा 16 लोगों को कुचलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 7 लोगों को पकड़ा है। इनमें से मुख्य दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 5 अन्य लोगों को आरोपियों को फरार कराने में मदद करने के आरोप में डिटेन किया गया है। पुलिस सभी आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर गहन पूछताछ कर रही है और जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण सबूतों के साथ नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
थाना पत्रकार कॉलोनी थाना के एसएचओ मदन कड़वासरा ने बताया कि मामले में डिटेन किए गए कॉन्स्टेबल मुकेश और पप्पू की भूमिका आपराधिक गतिविधियों में सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अशोक, अमित कुमार, भागचंद, शिवराज और नितिन को सहयोगी के रूप में पकड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि अग्रिम अनुसंधान के तहत सभी आरोपियों की भूमिका की परत-दर-परत जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के बाद मुकेश और पप्पू ने फोन कर नितिन को बुलाया। इसके बाद सुमित और नितिन मौके पर पहुंचे और आरोपी को अपनी गाड़ी में बैठाकर घर ले गए, जहां से रुपए लिए गए। इसके बाद आरोपी को भागचंद के पास छोड़ा गया। आरोपी ने रातभर भागचंद के यहां शरण ली और बाद में भागचंद के आदमी ने अपने सहयोगियों की मदद से उसे फरार करवा दिया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।