Saturday, 29 August 2026

राज्यस्तरीय युवा महोत्सव का भव्य समापन, युवा शक्ति ने हर युग में बदली राष्ट्र की दिशा : भजनलाल शर्मा


राज्यस्तरीय युवा महोत्सव का भव्य समापन, युवा शक्ति ने हर युग में बदली राष्ट्र की दिशा : भजनलाल शर्मा

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को एसएमएस स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय युवा महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति ने हर युग में राष्ट्र की दिशा और दशा बदली है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और उनकी ऊर्जा, नवाचार व संकल्प से ही विकसित भारत और विकसित राजस्थान का सपना साकार होगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए नवीन युवा नीति–2026 एवं रोजगार नीति का विधिवत विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना का शुभारंभ भी किया, जिसका उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, रोजगार सृजन और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है।

शर्मा ने कहा कि नई युवा नीति के माध्यम से शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्टार्टअप, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी को और सशक्त किया जाएगा। रोजगार नीति से सरकारी और निजी क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि ये नीतियां प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने का मजबूत मंच प्रदान करेंगी।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को यूथ आइकॉन अवॉर्ड से सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि ये युवा समाज और प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं और अपने परिश्रम व प्रतिभा से राजस्थान को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।

Previous
Next

Related Posts