Saturday, 29 August 2026

जयपुर के पंत कृषि भवन में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का नुकसान


जयपुर के पंत कृषि भवन में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का नुकसान

जयपुर के पंत कृषि भवन के थर्ड फ्लोर पर सोमवार सुबह करीब 10:40 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे फ्लोर पर धुएं का घना गुबार फैल गया और लपटें बाहर तक दिखाई देने लगीं, जिससे भवन में मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी कर्मचारियों ने तत्काल बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) गौतम लाल के अनुसार थर्ड फ्लोर के एक कमरे में बाहर से ताला लगा हुआ था, जहां हीटर चालू अवस्था में था। अचानक शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारियों ने कमरे में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों को थर्ड फ्लोर की खिड़की के शीशे तोड़ने पड़े ताकि धुआं बाहर निकाला जा सके और भीतर पहुंच बनाई जा सके।

फायरकर्मी टीम ने करीब 10 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस घटना में कमरे में लगा एसी, फर्नीचर और अन्य कार्यालयी सामग्री जलकर खाक हो गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से किसी बड़े हादसे और जनहानि से बचाव हो सका। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts