Sunday, 11 January 2026

वागड़ के नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीय की कांग्रेस में घर वापसी तय, भाजपा छोड़ने के संकेत


वागड़ के नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीय की कांग्रेस में घर वापसी तय, भाजपा छोड़ने के संकेत

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। वागड़ अंचल की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर होने जा रहा है। क्षेत्र के दिग्गज आदिवासी नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीय जल्द ही भारतीय जनता पार्टी को अलविदा कहकर दोबारा कांग्रेस का दामन थामने जा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली से मुलाकात कर कांग्रेस में घर वापसी की इच्छा स्पष्ट कर दी है।

महेंद्रजीत सिंह मालवीय बागीदौरा विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। विधानसभा चुनाव जीतने के कुछ ही महीनों बाद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा जॉइन कर ली थी। इसके बाद भाजपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव में डूंगरपुर-बांसवाड़ा सीट से प्रत्याशी बनाया, लेकिन उन्हें बीएपी नेता राजकुमार रोत के हाथों हार का सामना करना पड़ा। लोकसभा चुनाव के बाद से मालवीय राजनीतिक रूप से सक्रिय नजर नहीं आए, लेकिन अब करीब दो साल के भीतर ही वे दोबारा कांग्रेस में लौटने की तैयारी में हैं।

कांग्रेस नेताओं से मुलाकात के दौरान मालवीय ने कहा कि वागड़ और आदिवासी क्षेत्रों में कांग्रेस को जनता का स्वाभाविक समर्थन मिलता है और क्षेत्र के कार्यकर्ता भी कांग्रेस के साथ अधिक सहज महसूस करते हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार की बात तो की गई, लेकिन पार्टी उनके लिए अनुकूल साबित नहीं हुई। सत्ता में रहते हुए भी वे क्षेत्र की जनता के काम नहीं करा पाए।

भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए मालवीय ने आरोप लगाया कि गरीबों की सुनवाई नहीं हो रही है और किसानों को खाद तक उपलब्ध नहीं हो पा रही। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं को लेकर उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को पत्र लिखे, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसी कारण उन्होंने कांग्रेस में लौटने का मन बनाया।

कांग्रेस में वापसी को लेकर हुई इस मुलाकात के दौरान बांसवाड़ा क्षेत्र के तीनों कांग्रेस विधायक—नानालाल निनामा, अर्जुन बामणिया और रमिला खड़िया—भी मौजूद रहे। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस संगठन स्तर पर मालवीय की वापसी को लेकर पूरी तरह तैयार है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मालवीय की वापसी से वागड़ क्षेत्र की राजनीति में कांग्रेस को बड़ा संबल मिल सकता है।

Previous
Next

Related Posts