



अजमेर। अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) की ओर से गुरुवार को श्रीनगर रोड पर रोजगार के लिए आवंटित की गई गुमटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। लघु लीज की अवधि समाप्त होने के बाद एडीए प्रशासन ने करीब 40 से अधिक गुमटियों को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से पहले एडीए द्वारा संचालकों को नोटिस जारी कर गुमटियां खाली करने के निर्देश दिए गए थे, जिसकी समय-सीमा पूरी होने पर यह कदम उठाया गया।
कार्रवाई के दौरान एडीए के उपायुक्त अनिल कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। उपायुक्त ने बताया कि श्रीनगर रोड पर एडीए द्वारा लघु लीज पर गुमटियां आवंटित की गई थीं, जिनकी लीज अवधि समाप्त हो चुकी है। एडीए की कार्यकारिणी समिति द्वारा इन लीजों को आगे न बढ़ाने का निर्णय पहले ही लिया जा चुका था।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लगभग एक माह पूर्व सभी संबंधित संचालकों को नोटिस देकर गुमटियां हटाने और स्थान खाली करने के आदेश दिए गए थे। निर्धारित समय में अनुपालन नहीं होने पर आज जेसीबी के माध्यम से कार्रवाई की गई। एडीए ने कहा कि सार्वजनिक भूमि के नियमन और नियोजित विकास के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।