



जयपुर के वीकेआई थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार डंपर ने एक कार को टक्कर मारने के बाद करीब डेढ़ से दो किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। कार में सवार पति-पत्नी और उनकी बेटी लगातार चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन डंपर चालक ने वाहन नहीं रोका। आखिरकार दादी का फाटक के पास मिट्टी में फंसने के बाद दोनों वाहन रुके।
जानकारी के अनुसार, कार सवार जगदीश बैरागी, उनकी पत्नी लक्ष्मी बैरागी और बेटी श्वेता बैरागी गाजियाबाद से चित्तौड़गढ़ जा रहे थे। वीकेआई क्षेत्र में 14 नंबर पुलिया के बाद तेज गति से आ रहे डंपर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी चालक नहीं रुका और 5 नंबर पुलिस चौकी, तोंदवाल मैरिज गार्डन होते हुए कार को घसीटता रहा।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोग और कार सवार परिवार मदद के लिए चिल्लाते रहे। दादी का फाटक के पास डंपर मिट्टी में फंस गया, जहां चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर मुरलीपुरा थाना पुलिस और बनीपार्क दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई जगदीश प्रसाद (यातायात), यातायात पुलिसकर्मी भंवरलाल और एएसआई रघुनंदन ने स्थिति संभाली।
गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में परिवार की जान बच गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और भारी वाहनों की लापरवाही पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।