



राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट–2026 के दूसरे दिन सोमवार को वैश्विक नेतृत्व, नवाचार और नीति संवाद पर विशेष जोर रहेगा। इस दिन नीति-निर्माताओं, वैश्विक उद्यमियों, निवेशकों और स्टार्टअप संस्थापकों के बीच उभरती प्रौद्योगिकियों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विस्तार और सामाजिक प्रभाव पर गहन मंथन किया जाएगा। फायरसाइड चैट्स, पैनल चर्चाओं और कीनोट सत्रों के माध्यम से महिला नेतृत्व, एमएसएमई विकास, एआई-संचालित शासन और दीर्घकालिक पूंजी निर्माण जैसे विषयों पर विचार साझा होंगे।
दूसरे दिन के प्रमुख आकर्षणों में स्मृति ईरानी के साथ ‘लीडरशिप बियॉन्ड लेबल्स: वीमेन, पावर एंड पब्लिक सर्विस’ विषय पर फायरसाइड चैट शामिल है, जिसमें सार्वजनिक जीवन में नेतृत्व, दृढ़ता और अनुशासन पर चर्चा होगी। भविष्य के शहरों पर केंद्रित सत्र में टीईसीओएम ग्रुप के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और दुबई इंटरनेट सिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर अम्मार अल मलिक नवाचार-आधारित शहरी इकोसिस्टम और निवेश केंद्रों पर वैश्विक दृष्टिकोण साझा करेंगे।
एमएसएमई को आर्थिक विकास का इंजन बताते हुए आंध्र प्रदेश एमएसएमई डीसी के चेयरमैन टी. शिवशंकर राव और महाराष्ट्र सरकार के उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. ए.पी. अन्नागोपालन राज्यों की भूमिका पर चर्चा करेंगे। ‘द ग्राउंड ब्रेकर’ पुस्तक विमोचन एवं संवाद सत्र में ए.जे. पटेल और कंवल रेखी टाई ग्लोबल के संस्थापकों और वेंचर कैपिटल क्षेत्र के योगदान को रेखांकित करेंगे।
खेल जगत से नेतृत्व और मानसिकता पर अनुभव साझा करने के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ‘नो फियर, नो लिमिट्स’ फायरसाइड चैट में शामिल होंगे। वहीं, ‘एल्गोरिद्म्स विद सोल’ और ‘सीइंग द इनविजिबल’ जैसे सत्रों में एमआईटी के प्रोफेसर रमेश रस्कर एआई के सामाजिक और रचनात्मक प्रभावों पर प्रकाश डालेंगे।
राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के साथ ‘लीडरशिप एट द हेल्म’ विषय पर विशेष संवाद में डिजिटल गवर्नेंस और नीति नवाचार पर चर्चा होगी। इसके अलावा आशीष धवन, नवनीत मुनोट, निलेश शाह और प्रमोद भसीन जैसे प्रमुख विचारक दीर्घकालिक निवेश, सामाजिक प्रभाव और वैश्विक उद्यमिता पर अपने विचार रखेंगे। समिट का दूसरा दिन भारत की वैश्विक नवाचार और नीति नेतृत्व में बढ़ती भूमिका को मजबूती से प्रस्तुत करेगा।