



जयपुर। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इसी प्रगति से घबराकर कांग्रेस नेता तथ्यहीन, हास्यास्पद और स्तरहीन बयानबाजी कर रहे हैं। राठौड़ ने स्पष्ट कहा कि डोटासरा को इस बात की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है कि वे क्या कर रहे हैं या नहीं कर रहे हैं, उनका संगठन और मीडिया यह भली-भांति देख रहा है।
मदन राठौड़ ने कहा कि उन्हें गोविंद सिंह डोटासरा से किसी प्रकार का प्रमाण-पत्र लेने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि डोटासरा पहले अपना घर संभालें और भाजपा की चिंता करना छोड़ दें। कांग्रेस की स्थिति आज ऐसी हो गई है कि उसके नेता “मेंढकों की तरह इधर-उधर उछलते फिर रहे हैं”, जो पार्टी के भीतर व्याप्त अव्यवस्था और दिशाहीनता को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा उनका परिवार है और संगठन को कैसे मजबूत रखना है, यह वे भली-भांति जानते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक संगठित, अनुशासित और सशक्त राजनीतिक दल है, जो जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहकर जनहित के मुद्दों पर काम कर रहा है। इसके विपरीत कांग्रेस नेतृत्व अपने दल में फैली अव्यवस्था को नियंत्रित करने में असफल रहा है और अब भाजपा पर अनर्गल टिप्पणियां कर रहा है।
मदन राठौड़ ने कहा कि डोटासरा का बयान कांग्रेस की हताशा और राजनीतिक दिवालियेपन को उजागर करता है। भाजपा नेताओं पर व्यक्तिगत और स्तरहीन टिप्पणियां करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है, जो अब और अधिक सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को जनता के सवालों और अपनी विफलताओं का जवाब देने के बजाय बयानबाजी में समय गंवाने की आदत पड़ चुकी है।
राठौड़ ने डोटासरा से सवाल किया कि वे पहले यह स्पष्ट करें कि कांग्रेस शासन में राजस्थान को क्या उपलब्धियां मिलीं और आज उनकी पार्टी बिखराव की स्थिति में क्यों पहुंच गई है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार जनहित के निर्णय ले रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। कांग्रेस चाहे जितनी बयानबाजी कर ले, लेकिन जनता सच्चाई जानती है और आने वाले समय में कांग्रेस को अपनी विफल राजनीति का जवाब जनता से अवश्य मिलेगा।