Saturday, 29 August 2026

डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट-2026: निवेशकों की सहूलियत हमारी नीतियों का केंद्र बिंदु: भजनलाल शर्मा


डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट-2026: निवेशकों की सहूलियत हमारी नीतियों का केंद्र बिंदु:  भजनलाल शर्मा

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की सभी नीतियों का केंद्र बिंदु निवेशकों की सहूलियत और विश्वास है। इसी सोच के तहत राजस्थान ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर पॉलिसी, राजस्थान डेटा सेंटर पॉलिसी और राजस्थान एआई-एमएल पॉलिसी जैसी दूरदर्शी नीतियां लागू की गई हैं, जो राजस्थान को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और नवाचार के क्षेत्र में एक मजबूत हब के रूप में स्थापित करेंगी। मुख्यमंत्री रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट-2026 में आमंत्रित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल से संवाद कर रहे थे।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में हुए लगभग 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग होना निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की अनमोल मिट्टी में निवेश करने से न केवल आर्थिक लाभ मिलता है, बल्कि आत्मसंतुष्टि की अनुभूति भी होती है।

तकनीक और नवाचार में राजस्थान को बनाएंगे ग्लोबल लीडर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निवेशकों से अधिक से अधिक संख्या में राजस्थान आने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार और निवेशक मिलकर राजस्थान को तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में ग्लोबल लीडर बनाएंगे। मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निवेशकों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें और उनके सुझावों व आवश्यकताओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और राजीविका से जुड़ी महिलाओं को स्टार्टअप्स से जोड़ने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

प्रदेश में 7 हजार से अधिक आई-स्टार्टअप

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि राजस्थान में अनुकूल औद्योगिक वातावरण तेजी से विकसित हो रहा है। ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, डेटा सेंटर और एआई-एमएल नीतियों के साथ-साथ 7 हजार से अधिक आई-स्टार्टअप्स का नेटवर्क प्रदेश में आईटी और आईटीईएस सेवाओं को मजबूती प्रदान कर रहा है, जिससे रोजगार और नवाचार को नई गति मिल रही है।

निवेशकों ने जताया भरोसा

कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। प्रतिनिधियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मेडिकल साइंस, ग्रीन इन्वेस्टमेंट, स्टार्टअप्स, मैन्युफैक्चरिंग, डेटा, स्किल डेवलपमेंट और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

डिजिफेस्ट से वैश्विक मंच पर राजस्थान

उल्लेखनीय है कि जयपुर के जयपुर एग्ज़ीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में 4 से 6 जनवरी तक तीन दिवसीय राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट का आयोजन किया जा रहा है। इस समिट में 10 हजार से अधिक प्रतिभागी, 500 से अधिक निवेशक और 300 प्रदर्शक शामिल हो रहे हैं। यह आयोजन स्टार्टअप्स और छात्रों को वैश्विक डिजिटल परिवर्तनों से परिचित कराने, अंतरराष्ट्रीय मेंटर्स से मार्गदर्शन प्राप्त करने और विश्वभर के उद्योगपतियों व निवेशकों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।

बैठक में मुरली बुक्कापट्टनम, ए.जे. पटेल, अजय डाटा, चंदन मिस्किन, जगजीत सरीन, समीर जैन, महावीर प्रताप शर्मा, संगीता मूलचंदानी, अनिता मनवानी सहित विभिन्न कंपनियों के सीईओ, मैनेजिंग डायरेक्टर और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts