Thursday, 05 March 2026

जोधपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक के पैर में लगी गोली; पुरानी रंजिश में वारदात, आरोपी पिस्टल सहित गिरफ्तार


जोधपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक के पैर में लगी गोली; पुरानी रंजिश में वारदात, आरोपी पिस्टल सहित गिरफ्तार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जोधपुर। शहर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। कमला नेहरू नगर स्थित हुडको क्वार्टर चौराहे के पास टी-स्टॉल पर खड़े आकाश राव (22) पर बाइक सवार युवक ने गोली चला दी, जो उसके पैर में लगी। घायल युवक को तुरंत मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया गया, जहां ऑपरेशन थिएटर में गोली निकालने की प्रक्रिया की गई।

घटना की सूचना मिलते ही जोधपुर पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अभय कमांड सेंटर से निगरानी करते हुए नाकाबंदी कराई। एक घंटे के भीतर आरोपी प्रदीप बेगड़ (21) को पिस्टल और कारतूस के साथ पकड़ लिया गया।

एसीपी प्रताप नगर रविंद्र बोथरा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश का है। वहीं एडीसीपी (वेस्ट) रोशन मीणा ने खुलासा किया कि आरोपी जुए में बड़ी रकम हारने के बाद गुस्से में था। बाइक से गुजरते समय आकाश द्वारा किए गए कमेंट से वह भड़क गया, घर जाकर पिस्टल लाया और फायर कर दिया। दोनों पक्षों के बीच डेढ़ साल पुरानी मारपीट की रंजिश भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार वारदात में इस्तेमाल पिस्टल किसी तीसरे व्यक्ति की हत्या के लिए खरीदी गई थी। यह हथियार 24 हजार रुपये में दिलाने में गजेंद्र पंवार की भूमिका सामने आई है, जिसे हिरासत में ले लिया गया है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts