Sunday, 01 March 2026

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का कहर: 5 जिलों में शीतलहर, 9 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, माउंट आबू में लगातार दूसरे दिन तापमान शून्य


राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का कहर: 5 जिलों में शीतलहर, 9 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, माउंट आबू में लगातार दूसरे दिन तापमान शून्य

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान में सर्दी ने एक बार फिर तीखा रूप धारण कर लिया है। रविवार को प्रदेश के 5 जिलों में शीतलहर और 9 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को प्रदेश के तीन शहरों को छोड़कर लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जिससे आमजन को दिन-रात कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा।

माउंट आबू (सिरोही) में लगातार दूसरे दिन तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शेखावाटी और जयपुर संभाग के जिलों में सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन और गलन बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में तेज सर्दी, शीतलहर और घना कोहरा बने रहने की संभावना है।

फतेहपुर में माउंट आबू के बाद सबसे ज्यादा सर्दी
पिछले 24 घंटों में उत्तर-पूर्वी और उत्तर-दक्षिणी जिलों—जयपुर, भरतपुर, बीकानेर, कोटा और अजमेर के आंशिक क्षेत्रों—में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के साथ शीतलहर के कारण दिन में भी गलन महसूस की गई। माउंट आबू के बाद फतेहपुर (सीकर) में सबसे अधिक सर्दी रही, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फतेहपुर, सीकर और अलवर के ग्रामीण इलाकों में पाला पड़ना भी शुरू हो गया है।

अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे
शीतलहर और कोहरे के चलते धूप का असर कमजोर रहा। अधिकांश शहरों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री कम दर्ज हुआ। सबसे ठंडा दिन पिलानी (झुंझुनूं) में रहा, जहां अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जयपुर और सीकर में 18 डिग्री, श्रीगंगानगर में 18.2, कोटा में 17.6, अलवर में 18.5, अजमेर में 18.2 और चूरू में 16.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने नागरिकों को सुबह-शाम सावधानी बरतने, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने तथा घने कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सतर्कता अपनाने की सलाह दी है।

    Previous
    Next

    Related Posts