



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश के विद्यार्थियों को भविष्य की बेहतर तैयारी और सही करियर विकल्प चुनने में मदद के लिए पर्सनलाइज्ड करियर गाइडेंस उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में शिक्षा विभाग ने ‘माय करियर एडवाइजर’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। यह नवाचार राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के अनुरूप विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने, आत्म-मूल्यांकन कराने और सुविचारित करियर योजना बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
यह आधुनिक, एआई-आधारित करियर अवेयरनेस एवं गाइडेंस ऐप कक्षा 9 से 12वीं के विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों, अभिभावकों और काउंसलर्स के लिए भी उपयोगी है। ऐप का विकास शिक्षा मंत्रालय एवं NCERT–PSSCIVE द्वारा किया गया है, जिसमें विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और कौशल के आधार पर पर्सनलाइज्ड करियर सलाह मिलती है।
‘माय करियर एडवाइजर’ ऐप पर विद्यार्थी तीन प्रमुख मूल्यांकनों के जरिए सेल्फ-रिव्यू कर सकते हैं—
एप्टीट्यूड टेस्ट (20 मिनट)
इंटरेस्ट टेस्ट (12 मिनट)
वैल्यूज टेस्ट (14 मिनट)
इन परीक्षणों के आधार पर ऐप विद्यार्थियों को एआई-आधारित करियर इनसाइट्स और मैच्ड जॉब रोल्स सुझाता है, जिससे निर्णय अधिक सटीक बनते हैं।
ऐप की खासियत यह है कि इसमें डिग्री के साथ-साथ बिना डिग्री के जॉब विकल्प भी उपलब्ध हैं, ताकि हर प्रकार के विद्यार्थी को मार्गदर्शन मिल सके। विद्यार्थी अपनी प्रोफाइल बना सकते हैं, पसंदीदा करियर चुन सकते हैं और सेल्फ-रिव्यू रिपोर्ट, मैच्ड रोल्स व फेवरेट्स को अभिभावकों, शिक्षकों और काउंसलर्स के साथ साझा कर सकते हैं—जिससे करियर संबंधी निर्णय और प्रभावी होते हैं।
इस ऐप में 1500 से अधिक करियर विकल्प और जॉब रोल्स शामिल हैं—जैसे आर्ट व डिजाइन, बिजनेस व मार्केटिंग, इंजीनियरिंग, हेल्थ, स्पोर्ट्स, मीडिया, साइंस, एजुकेशन, ट्रैवल, हॉस्पिटैलिटी, एनवायरनमेंट सहित कई क्षेत्र। साथ ही क्रॉस-सेक्टरल रोजगार और भविष्य की करियर संभावनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई है।
ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।