



जयपुर। शहर के सीकर हाउस कपड़ा मार्केट में गुरुवार देर रात एक बेडशीट गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया। संकरी गलियों और फायर ब्रिगेड के वाहनों के लिए रास्ता नहीं होने के कारण आग बुझाने में भारी दिक्कतें आईं। हालात को देखते हुए दमकलकर्मियों को दूसरी बिल्डिंग पर चढ़कर आग पर काबू पाना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही संजय सर्किल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। थाना प्रभारी उमेश बेनीवाल ने बताया कि सीकर हाउस कपड़ा मार्केट स्थित एक बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर दिनेश मोहन का बेडशीट गोदाम है। गुरुवार रात करीब 11:45 बजे अचानक गोदाम में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। धुएं के गुब्बार और आग की ऊंची लपटें देखकर इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना पर पुलिस ने बनीपार्क और घाटगेट फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलवाईं। हालांकि, बाजार क्षेत्र में रास्ता संकरा होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सीधे गोदाम तक नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड सहित तीन दमकल वाहनों की मदद से दूसरी इमारत पर चढ़कर आग बुझाने का प्रयास किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोदाम में रखा पूरा स्टॉक जलकर नष्ट हो गया। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।