



जयपुर में बढ़ते यातायात दबाव और तेजी से फैलते शहरी विस्तार को देखते हुए अब रिंग रोड की तर्ज पर रिंग रेलवे परियोजना शुरू करने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में जयपुर शहर की भाजपा सांसद मंजू शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जयपुर रिंग रेल परियोजना को लेकर मांग पत्र सौंपा।
जयपुर शहर की भाजपा सांसद मंजू शर्मा ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देकर कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि शहर के समग्र और संतुलित विकास को गति मिल सके।
जयपुर शहर की भाजपा सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि जयपुर की आबादी करीब 60 लाख तक पहुंच चुकी है और राजधानी होने के साथ-साथ यह शहर पर्यटन, उद्योग, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बन चुका है। ऐसे में शहर के भीतर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे ट्रैफिक जाम और रेलवे स्टेशनों पर भीड़ बड़ी समस्या बनती जा रही है। जयपुर के बाहरी क्षेत्र तेजी से उपनगरों के रूप में विकसित हो रहे हैं और रिंग रेलवे परियोजना से इन क्षेत्रों को सीधे शहर से जोड़ने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सड़क नेटवर्क और रिंग रोड के साथ यदि रिंग रेलवे परियोजना लागू होती है, तो यह जयपुर के भविष्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इस परियोजना से न केवल शहर में यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि मुख्य रेलवे स्टेशनों पर भीड़ घटेगी और ट्रैफिक जाम की समस्या में भी राहत मिलेगी। साथ ही नए रेलमार्ग पर मालगाड़ियों के संचालन और टूरिस्ट स्पेशल ट्रेनों के चलने की संभावनाएं भी बनेंगी, जिससे पर्यटन, लॉजिस्टिक्स और व्यापारिक गतिविधियों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।