



भीलवाड़ा जिले में नए साल के दिन दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे नेशनल हाईवे-758 पर बीगोद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बजरी से भरे डंपर ने कार को सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में 8 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान नारायण, नकुल और भानू प्रताप के रूप में हुई है। हादसे में घायल महिला गनिया और उसकी बेटी मन्नू को पहले भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां से दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर के एमबी अस्पताल रैफर किया गया। जानकारी के अनुसार गनिया अपने बच्चों और जीजा के साथ भीलवाड़ा के मांडलगढ़ की ओर जा रही थी। हादसे के समय कार में ड्राइवर सहित कुल पांच लोग सवार थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।