



राजस्थान पुलिस में उत्कृष्ट, साहसिक और सराहनीय सेवाओं के लिए 11 आईपीएस अधिकारियों सहित कुल 35 पुलिस कार्मिकों को डीजीपी डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने मंगलवार को आधिकारिक आदेश जारी किए। यह सम्मान उन अधिकारियों और कार्मिकों को प्रदान किया जा रहा है, जिन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
जारी आदेश के अनुसार सम्मानित होने वालों में एडीजी लता मनोज कुमार, आईजी प्रफुल्ल कुमार, अजयपाल लांबा, अंशुमान भोमिया, डॉ. रवि, डीआईजी प्रदीप मोहन शर्मा, दीपक भार्गव, विकास शर्मा, आनंद शर्मा, जयपुर ग्रामीण एसपी राशि डोगरा डूडी, आईपीएस ज्येष्ठा मैत्रीय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इसके साथ ही आरपीएस अधिकारी मनस्वी चौधरी, सुनीता मीना, वित्तीय सलाहकार डॉ. प्रीति शर्मा, आरएसी चतुर्थ बटालियन के कमांडेंट समीर दुबे, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक रानू शर्मा, एडिशनल एसपी मिताली गर्ग और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान सूची में अधीनस्थ पुलिस बल के कार्मिक भी शामिल हैं। इनमें एएसआई, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल रैंक के कार्मिकों को उनकी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के लिए डीजीपी डिस्क प्रदान की जाएगी। एसडीआरएफ, आरएसी और आरपीए से जुड़े कार्मिकों को भी इस सूची में स्थान मिला है, जिन्होंने आपदा राहत और विशेष अभियानों में सराहनीय भूमिका निभाई।
इसके अतिरिक्त, डीजीपी राजीव शर्मा ने एडिशनल एसपी डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और इंस्पेक्टर नीलिमा अग्निहोत्री को डीजीपी प्रशस्ति पत्र देने की भी घोषणा की है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इस तरह के सम्मान से बल के मनोबल में वृद्धि होती है और अन्य कार्मिकों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।