Thursday, 05 February 2026

नीरजा मोदी स्कूल पर CBSE की बड़ी कार्रवाई, कक्षा 9 से 12 तक की मान्यता रद्द


नीरजा मोदी स्कूल पर CBSE की बड़ी कार्रवाई, कक्षा 9 से 12 तक की मान्यता रद्द

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने जयपुर स्थित नीरजा मोदी स्कूल के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए कक्षा 9 से 12 तक की संबद्धता (मान्यता) वापस ले ली है। यह कार्रवाई स्कूल की चौथी कक्षा की छात्रा अमायरा की आत्महत्या के मामले में की गई जांच के बाद हुई है। सीबीएसई की जांच समिति ने स्कूल का निरीक्षण किया था, जिसमें छात्र सुरक्षा से जुड़े कई गंभीर मानकों की अनदेखी सामने आई। इन्हीं खामियों के आधार पर बोर्ड ने यह कठोर निर्णय लिया।

सीबीएसई के आदेश के अनुसार, नीरजा मोदी स्कूल आगामी शैक्षणिक सत्र से कक्षा 9 से 12 तक नए प्रवेश नहीं दे सकेगा। हालांकि, वर्तमान सत्र में पढ़ रहे विद्यार्थियों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और वे अपनी बोर्ड व वार्षिक परीक्षाएं दे सकेंगे। स्कूल में कक्षा 1 से 12 तक करीब 5500 से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं। कक्षा 1 से 8 के संचालन को लेकर अंतिम निर्णय राज्य शिक्षा विभाग करेगा। जब तक राज्य सरकार कोई निर्णय नहीं लेती, तब तक इन कक्षाओं का संचालन जारी रह सकता है।

सीबीएसई ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि स्कूल सभी सुरक्षा मानकों और आवश्यक शर्तों को पूरी तरह लागू करता है, तो वह सत्र 2027-28 में पुनः संबद्धता के लिए आवेदन कर सकता है। बोर्ड का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी:
वर्तमान में कक्षा 8 में पढ़ रहे छात्र, जो अगली सत्र में कक्षा 9 में जाएंगे, उन्हें किसी अन्य मान्यता प्राप्त स्कूल में प्रवेश लेना होगा। इसी प्रकार कक्षा 10 उत्तीर्ण कर कक्षा 11 में जाने वाले विद्यार्थियों को भी दूसरे स्कूल में दाखिला लेना होगा। कक्षा 9 से 10वीं या 11 से 12वीं में जाने वाले छात्रों के प्रवेश को सीबीएसई अन्य स्कूलों में स्वीकृति देगा, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

    Previous
    Next

    Related Posts