Monday, 29 December 2025

भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई: मंत्रियों ने सुनी समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश


भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई: मंत्रियों ने सुनी समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश

जयपुर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को कार्यकर्ता सुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य सरकार के मंत्रियों ने पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी, गोपालन और देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत तथा राजस्व, उपनिवेशीकरण एवं सैनिक कल्याण विभाग के राज्य मंत्री विजय चौधरी ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया।

कार्यकर्ता सुनवाई के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए पशुपालन एवं डेयरी, गोपालन और देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि मदन राठौड़ और भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई शुरू करने का यह निर्णय ऐतिहासिक है। इसका मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि सुनवाई के दौरान पशुपालन विभाग से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ बिजली और पानी जैसे जनहित से जुड़े कई मुद्दे सामने आए। इनमें से अधिकांश मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए, जबकि कुछ प्रकरणों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। कुमावत ने कहा कि भजनलाल सरकार राजस्थान को विकसित प्रदेश बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनकी समस्याओं की अनदेखी नहीं की जाएगी।

राज्य मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में सुशासन स्थापित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। मंत्रीगण अपने-अपने आवासों पर नियमित रूप से जनसुनवाई कर रहे हैं और अब पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के लिए विशेष सुनवाई की व्यवस्था की गई है। इससे प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान मिलेगा और संगठनात्मक मजबूती और बढ़ेगी।

कार्यकर्ता सुनवाई के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह और नारायण मीणा भी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts