Monday, 29 December 2025

अरावली और SIR मुद्दे पर सरकार पर बरसे डोटासरा, बोले– खनन माफियाओं के लिए बदली गई परिभाषा


अरावली और SIR मुद्दे पर सरकार पर बरसे डोटासरा, बोले– खनन माफियाओं के लिए बदली गई परिभाषा

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अरावली बचाओ अभियान और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। जयपुर में कांग्रेस स्थापना दिवस के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि पार्टी की ओर से जिलों में अरावली बचाओ और SIR को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, लेकिन 8 जिलों में ये कार्यक्रम नहीं हो पाए। ऐसे में संबंधित जिला कांग्रेस कमेटियों को नोटिस जारी कर यह पूछा जाएगा कि किन मजबूरियों के चलते वहां कार्यक्रम नहीं हुए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से वे लगातार भ्रष्टाचार खत्म करने के दावे कर रहे हैं और कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कांग्रेस ने भ्रष्टाचार किया था, तो सरकार अब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर पाई। डोटासरा ने आरोप लगाया कि मौजूदा डबल इंजन सरकार ने भ्रष्टाचार खत्म करने के बजाय उसे दोगुना कर दिया है।

उन्होंने कहा कि अरावली पर्वतमाला की परिभाषा में किया गया बदलाव सीधे तौर पर खनन माफियाओं को फायदा पहुंचाने के लिए है। सरकार की नीतियों में राष्ट्रहित की सोच नहीं दिखती और सत्ता में आने के बाद लूट की मानसिकता हावी हो गई है। डोटासरा ने यह भी आरोप लगाया कि आज हालात ऐसे हैं कि जायज काम भी बिना भ्रष्टाचार के नहीं हो पा रहे हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने लोकतंत्र के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और कहा कि पंचायत और नगर निकाय चुनाव समय पर नहीं कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी संगठन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि आगे से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े और सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही टिकट दिया जाएगा। साथ ही, टिकट मिलने के बाद पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा।

Previous
Next

Related Posts