Monday, 29 December 2025

राजस्थान में 108-104 एम्बुलेंस सेवा की हड़ताल टली, 31 दिसंबर तक जारी रहेंगी सेवाएं


राजस्थान में 108-104 एम्बुलेंस सेवा की हड़ताल टली, 31 दिसंबर तक जारी रहेंगी सेवाएं

राजस्थान में संचालित 108 और 104 एम्बुलेंस सेवाओं की रविवार रात 12 बजे से प्रस्तावित हड़ताल फिलहाल टल गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से हुई बातचीत और टेंडर शर्तों में आंशिक संशोधन के बाद राजस्थान एम्बुलेंस कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल को 31 दिसंबर तक के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है। इससे आमजन को राहत मिली है और आपातकालीन सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहेंगी।

राजस्थान एम्बुलेंस कर्मचारी यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की ओर से 104 एम्बुलेंस सेवा के टेंडर से संबंधित आरएफपी (RFP) का शुद्धिपत्र रविवार को प्राप्त हुआ है। इस शुद्धिपत्र के अनुसार 31 दिसंबर को 104 एम्बुलेंस टेंडर के तहत कंपनियों द्वारा प्री-बिड सबमिशन किया जाएगा, जिसमें कर्मचारियों से जुड़ी शर्तों पर भी चर्चा की जाएगी। इसी प्रक्रिया को देखते हुए यूनियन ने फिलहाल हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया है।

प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह शेखावत ने स्पष्ट किया कि रविवार रात से प्रस्तावित हड़ताल अब लागू नहीं होगी और सोमवार से लेकर 31 दिसंबर तक 108 और 104 एम्बुलेंस सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी। उल्लेखनीय है कि कर्मचारियों ने टेंडर की शर्तों में वेतन, कार्य समय और अन्य मांगों को शामिल नहीं किए जाने पर हड़ताल की चेतावनी दी थी। अब 31 दिसंबर को होने वाली प्रक्रिया के बाद आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।

Previous
Next

Related Posts